डीएम एस राजलिंगम ने मंगलवार को एनजीटी के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम, वीडीए और सिंचाई एवं राजस्व विभाग के अफसरों के साथ विकास भवन में बैठक की। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि एनजीटी के आदेशों को कड़ाई से पालन कराएं और असि नदी के आसपास से तत्काल अतिक्रमण हटवाएं।
उन्होंने कंचनपुर, कर्मजीतपुर, सरायनंदन, नगवा, रविदास पार्क से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अभियंता को असि नदी फ्लड प्लेन जोन का निर्धारण करने के लिए कहा ताकि उसकी सीमा में आने वाले अतिक्रमण का सर्वे कर आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में वीडीए पुल्कित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, अपर नगर आयुक्त राजीव राय व सुनीता यादव समेत अन्य मौजूद रहे। उधर, डीएम ने सड़कों के चौड़ीकरण जल्द से जल्द करने के निर्देश भी दिए। कहा कि धर्मस्थलों को सम्मानपूर्वक स्थानांतरित किया जाए।
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने मंगलवार को काशी विद्यापीठ विकास खंड के ग्राम सचिवों की जूम मीटिंग के माध्यम से एसएलडब्ल्यूएम (ठोस तरल अपशिष्ट प्रबंधन) की ओर से कराए जाने वाले कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। प्रभारी एडीओ पंचायत सतीश मौर्य ने बताया कि केसरीपुर कलस्टर की ग्राम सचिव प्रियंका कुमारी द्वारा दिए गए जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर सीडीओ ने जून माह के वेतन पर रोक लगाने की बात कही। वहीं कोरौता गांव के ग्राम सचिव विजय कुमार को निलंबन की चेतावनी दी गई।
वीडीए उपाध्यक्ष पुल्कित गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को प्राधिकरण सभागार में खाद्यान्न के हैंडलर और परिवहन ठेकेदारों के साथ बैठक की। वीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि टीडी में ट्रकों के गेट पास मिलने के बाद चालान काटते समय रियल टाइम को अनिवार्य रूप से दर्ज करें। ट्रकों को खाद्यान्न लोडिंग के लिए समय से एफसीआई डिपो में भेजा जाए। साथ ही बिना जीपीएस के किसी वाहन को संचालन में न लाया जाए। रूट चार्ट एफसीआई को दें।