मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में जी-20 सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा बैठक कमिश्नरी सभागार में हुई। सोमवार को मंडलायुक्त ने नगर निगम और वाराणसी विकास प्राधिकरण को शहर से अवैध होर्डिंग हटवाने की जिम्मेदारी दी। मंडलायुक्त ने स्मार्ट सिटी से शहर के उपयुक्त स्थानों पर एलईडी पोल, डिजिटल और फ्लेक्स होर्डिंग लगवाने को कहा। इसके अलावा पोस्ट आफिस, बैंक, रेलवे, एयरपोर्ट अथॉरिटी, मॉल, दुकानों, मुख्य रास्तों पर सुंदरीकरण, फसाड लाइटिंग के कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने बताया कि अप्रैल से अगस्त तक जी-20 सम्मेलन का आयोजन होना है। निगम की ओर से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, ताज होटल, रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र, बीएचयू, नमो घाट, काशी विश्वनाथ धाम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल, सारनाथ समेत अन्य स्थलों और मार्गों पर डेकोरेटिव लाइट, हार्टिकल्चर, स्कल्पचर, प्रोजेक्शन वॉल, बैकलिट स्टैंडी, गंगा घाटों पर फसाड लाइटिंग, चौराहों का सुंदरीकरण आदि का कार्य किया जाना है। वीडीए उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि इन मार्गों पर थिमैटिक वॉल आर्ट का कार्य कराया जाएगा।
जी20 (सांकेतिक तस्वीर)।
- फोटो : सोशल मीडिया
मंडलायुक्त ने वीडीए को थिमैटिक वॉल आर्ट के कार्य में विश्वविद्यालयों के बच्चों को प्रतिभाग कराने और व्यापारियों से समन्वय स्थापित कर कलर कोडिंग के आधार पर थिमैटिक वॉल आर्ट का कार्य करवाने की जिम्मेदारी दी। लोक निर्माण विभाग ने बताया कि इन मार्गों पर एंड-टू-एंड इंटरलॉकिंग, रेलिंग, थर्मोप्लास्ट मार्किंग, रंबल स्ट्रिप तथा डिवाइडरों की मरम्मत एवं पेंटिंग साथ ही चौकाघाट पुल-पड़ाव-नमो घाट मार्ग का सुंदरीकरण होगा। मंडलायुक्त ने इन मार्गों पर रेलिंग लगवाने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी एस राजलिंगम, अपर नगर आयुक्त राजीव राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पर्यटन विभाग को प्रवेश द्वार बनाने की जिम्मेदारी
मंडलायुक्त ने पर्यटन विभाग को शहर के प्रवेश मार्ग पर भव्य द्वार का निर्माण करवाने की जिम्मेदारी दी। उन्होंने कहा, शहर में लगने वाले साइनेज समरूप आकार और फांट के साथ हों। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, परिक्रमा समेत शहर के विभिन्न भाषा के टूरिस्ट गाइड की व्यवस्था करें। टूरिस्ट गाइड के लिए प्रमाणित तथ्य तथा ट्रेनिंग सामग्री आदि प्रदान करें।