शहर की पॉश कॉलोनियों में शुमार महमूरगंज क्षेत्र की अन्नपूर्णा कॉलोनी में हजारों जिंदगियां घरों की चौखट पर कैद हो गई हैं। गली में सीवर का पानी भरने से हालात ऐसे हैं कि दो कदम चलना मुश्किल। स्कूली बच्चे और महिलाओं का घर से बाहर निकलना कठिन हो गया है। मजबूरी में लोग सीवर के पानी से होकर आ-जा रहे हैं। गंदगी और दुर्गंध से हर कोई सांसत में है। सीवर लाइन जाम होने से यह नौबत उत्पन्न हुई है। सीवर सफाई के लिए महीने भर से कॉलोनीवासी नगर निगम प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं। बारिश होने पर तो सीवर का पानी घरों में घुसने लगता है और इतने नारकीय हालात बन जाते हैं कि जीना मुहाल हो जाता है।
महमूरगंज पासपोर्ट ऑफिस के सामने बसी अन्नपूर्णा कॉलोनी में प्रवेश करते ही कॉलोनी की मेन गली सीवर में डूबी दिखेगी। सड़क पर भी कई जगह गड्ढे बन गए हैं। कॉलोनी के अजय कुमार ने बताया कि नगर निगम कार्यालय में कई बार सीवर जाम होने की शिकायत की गई। महापौर रामगोपाल मोहले को भी हालात से अवगत कराया गया लेकिन समस्या हल नहीं हुई।
यहीं के रहने वाले राजाकृष्ण सोमानी और ऋषिकेश सिंह कहते हैं कि हल्की बारिश भी होती है तो सीवर का पानी घरों में घुस जाता है। शेषमनि, सुनील यादव और विकास का कहना है कि सीवर लाइन जाम है।सफाई न कराए जाने से सीवर ओवरफ्लो कर गली में बह रहा है लेकिन शिकायत पर भी कोई सुनने वाला नहीं। अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी का कहना है कि कॉलोनी में सीवर लाइन जाम होने से दिक्कत हुई है। जल्द ही सीवर की सफाई कराई जाएगी।