जिला राइफल क्लब में अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम
- फोटो : अमर उजाला।
जल संरक्षण को लेकर 16 से 22 जुलाई तक भूजल सप्ताह मनाया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने कैंप कार्यालय में बैठक की और वीडीए को निर्देश दिए कि बिना रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम के नक्शा पास न करें। नगर निगम क्षेत्र में भी सभी भवनों में रूफ टॉप हार्वेस्टिंग सिस्टम की व्यवस्था हो। वहीं, बैठक में अनुपस्थित भेल, एयरपोर्ट, बीएचयू के अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को भूजल सप्ताह को लेकर आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने गिरते भूजल स्तर की गंभीर समस्या के प्रति सभी को आगाह किया। डीएलडब्ल्यू, बीएचईएल, एयरपोर्ट व अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों को बुधवार तक कार्ययोजना बना कर देने को कहा। जिलाधिकारी ने औद्योगिक इकाइयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से स्थापित कराने के निर्देश दिए। इसके लिए उद्यमियों को आगे आने पर जोर दिया। साथ ही कालोनियों, नगर निगम के पार्क, तालाब सहित निजी आवासों में भी रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा। शिक्षण संस्थानों में जल संरक्षण संरचनाओं को स्थापित कराने को कहा।
सामाजिक संस्थाओं से लें मदद
जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक को निर्देश दिए कि हर गांव में सोक पिट और कंपोस्ट पिट का काम कराएं। लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी के लिए सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लें। विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्र, कृषि विज्ञान केंद्र, बिल्डर्स एसोसिएशन, युवा मंगल दल, नेहरू युवा केंद्र आदि को इस आयोजन से जोड़ने को कहा।