चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिंहवार गांव में शनिवार को विवादित जमीन की गेहूं की फसल काटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग कर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने फायरिंग की घटना का खंडन करते हुए जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
यह है मामला
रैपुरा निवासी दो भाइयों और उनकी चार बहनों में जमीन का पुराना विवाद है। क्षेत्र के ही एक व्यक्ति ने चारों बहनों से जमीन का सट्टा कराने के बाद उसे बंटाई पर एक अन्य व्यक्ति को दे दिया। जमीन में गेहूं की बुआई की गई। शनिवार को बंटाई वाला व्यक्ति अपनी बेटियों के साथ गेहूं की कटाई कर रहा था।
आरोप है कि उसी समय रैपुरा गांव निवासी दो भाइयों के परिवार से एक युवक ने कटाई का विरोध किया। इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और हाथापाई हुई। आरोप है कि उसी दौरान एक पक्ष से कुछ लोग आए और फायरिंग की। ग्रामीणों के पहुंचने पर फायरिंग करने वाले भाग गए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची चिरईगांव चौकी की पुलिस को मौके से एक चाकू और बाइक मिली। चौबेपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके से खोखा बरामद नहीं हुआ और न गोली चलने की घटना की पुष्टि हुई।