वाराणसी में कोरोना की रफ्तार को रोकने के लिए देश भर में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पहले 45 वर्ष के पार और अब 18 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों को टीके लग रहे हैं। लोग पोर्टल पर पंजीकरण तो करा रहे हैं, लेकिन दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पंजीकरण के बाद भी केंद्रों पर लोगों को भटकना पड़ रहा। जिले में महिला अस्पताल, बीएचयू, आयुर्वेद कॉलेज सहित अन्य जगहों पर केंद्र बनाया गया है। शनिवार को टीकाकरण कराने पहुंचे कई लोगों को निराश लौटना पड़ा। जबकि लोगों को बाकायदा पंजीकरण के दौरान संबंधित केंद्र के नाम के साथ टीकाकरण की तिथि भी जारी की गई थी। वहीं, दूसरी ओर 18 वर्ष से 44 वर्ष के लोगों को पंजीकरण के बाद भी तिथि नहीं दी जा रही है।
कोरोना के बढ़ते रफ्तार ने जहां लोगों को चिंता में डाल दिया है। वहीं, लोग टीकाकरण की आस में संक्रमण से बचाव के लिए सुरक्षा कवच की आस में स्वास्थ्य केंद्रों पर भटकने को मजबूर हैं। ज्यादातर स्वास्थ्य केंद्रों पर शनिवार को दूसरी डोज के लिए पहुंचे लोगों को यह कहकर लौटा दिया कि केंद्र पर कोविशील्ड का टीका नहीं है। ये हाल तब है कर्मियों द्वारा सभी को टीके के लिए बुलाया गया था।