फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिग्विजय बोले, सौ में बीस नंबर भी देने लायक काम नहीं

Fri, 27 May 2016 02:24 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह।
विज्ञापन
मोदी सरकार के दो साल के कार्यकाल को पूरी तरह असफल बताते हुए गुरुवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में साढ़े आठ मिनट का वीडियो ‘दो साल बुरा हाल’ जारी किया। इसकी पंचलाइन है, ‘अबकी बार बरबाद हो गए यार’। वीडियो में युवाओं और किसानों को परेशान दिखाया गया है जबकि अर्थव्यवस्था, महंगाई, स्वच्छ भारत, रोजगार, सौ स्मार्ट सिटी, भविष्य निधि, विदेश नीति जैसे अन्य मोर्चों पर सरकार को पूरी तरह से फेल बताया गया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रचार और मीडिया में झूठ को सच बताने के लिए मैं बीजेपी सरकार को सौ में सौ नंबर दूंगा लेकिन चुनावी वादे और जन आकांक्षाओं को पूरा करने के मामले में सौ में बीस नंबर भी नहीं दूंगा। 
विज्ञापन


दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा खुद को हिंदुओं की पार्टी कहती है। बीते साल बनारस में साधु-संतों की पुलिस ने बर्बर तरीके से पिटाई की। मगर, छोटी-छोटी बात पर ट्वीट करने वाले पीएम नरेंद्र मोदी का इस दुखद घटना पर कोई बयान नहीं आया। साधुओं के घोर अपमान के बाद भी वाराणसी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री की चुप्पी से यह सिद्ध होता है कि बीजेपी के लिए धर्म महज नोट और वोट का जरिया है। भाजपा धार्मिक भावनाएं भड़काकर वोट की राजनीति करती है। 

कहा कि पीएम मोदी भ्रष्टाचार के बारे में बहुत बात करते हैं लेकिन मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र की सरकारों और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के दस हजार पांच सौ करोड़ के घोटाले के बारे में कुछ नहीं बोलते हैं। हमने जन लोकपाल कानून बनाया लेकिन मोदी सरकार ने आज तक लोकपाल नहीं नियुक्त किया। इसी तरह आरटीआई से संबंधित शीर्ष अधिकारियों के पद खाली हैं।
विज्ञापन


जेएनयू में राष्ट्रदोही नारे लगाने वाले कन्हैया को जेल भेजा गया लेकिन पीडीपी के कार्यकर्ता जम्मू-कश्मीर में खुलेआम पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाते हैं और बीजेपी ने उनके समर्थन से सरकार बनाई। इसी तरह प्रधानमंत्री बीते दिनों पाकिस्तानी पीएम के यहां शादी के लड्डू खाने गए और उसके बाद आतंकवादियों ने पठानकोट एयरबेस पर हमला कर दिया। मोदी सरकार की अदूरदर्शी विदेश नीति का ही परिणाम है कि हमारा पुराना दोस्त अब पाकिस्तान को हथियार बेच रहा है। वहीं, जिन ओबामा से प्रधानमंत्री दोस्ती का दावा करते हैं वो कभी आतंकवाद के मसले पर भारत का साथ नहीं देते।

2014 के आम चुनाव में कांग्रेस की असफलता पर दिग्विजय ने कहा कि कैग रिपोर्ट और मीडिया के उछालने पर सभी को लगा कि भ्रष्टाचार का बोलबाला है। हम सच को सच नहीं कह पाए और बीजेपी ने झूठ को सच बताकर परोसा। हमें जनता ने चौकीदारी सौंपी है, हम वह काम कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें