डिजिटल इंडिया के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर आम लोगों से ठगी की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय को मिली थी।
केंद्र सरकार की डिजिटल इंडिया योजना के नाम पर फर्जी वेबसाइट के जरिये फ्रेंचाइजी बेचकर सैकड़ों लोगों से ठगी करने के आरोपी को बुधवार को जेल भेज दिया गया।
आरोपी प्रतापगढ़ कोतवाली थाना के न्यू कॉलोनी बाबागंज निवासी सुधांशु शुक्ला को एसटीएफ और वाराणसी पुलिस की संयुक्त टीम ने लखनऊ के गोमती नगर से मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस विभिन्न बैंकों के उसके खातों की पड़ताल कर उसके लेनदेन का ब्योरा जुटा रही है।
एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि रोहनिया थाने में आशीष कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था कि डिजिटल इंडिया अभियान के तहत उन्हें सुधांशु ने फोन कर कॉल सेंटर खोलने का प्रलोभन दिया। इसके बाद 12 जुलाई 2017 को तीन हजार रुपये अपने खाते में जमा कराए और फिर संपर्क करने पर कोई जवाब नहीं मिलता था।
इसी तरह के मामले प्रदेश और देश के अन्य जिलों के थानों में भी दर्ज किए गए थे। सुधांशु के मोबाइल की कॉल डिटेल, उसके लैपटॉप के आईपी एड्रेस और बैंक खातों की मदद से दिल्ली, फैजाबाद, प्रतापगढ़ होते हुए उसे लखनऊ में गिरफ्तार करने में सफलता मिली। सुधांशु ने पूछताछ में बताया कि उसने ई-ग्राम डिजिटल वेबसाइट बनाई है।