स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत करते मेयर
- फोटो : अमर उजाला
देश की पहली डिजिटल जनगणना-2026 का शंखनाद काशी में बुधवार को हो गया। अभियान के पहले दिन नगर के प्रथम नागरिक मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित अपने आवास पर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत की। इस दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही।
विवरण दर्ज करने के बाद मेयर ने कहा कि डिजिटल जनगणना न केवल समय की बचत करेगी, बल्कि देश के भविष्य और विकास योजनाओं को तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त संगम लाल, जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने मेयर को डिजिटल पोर्टल की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डिजिटल जनगणना-2026 के महापर्व में जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में पहले दिन कैंट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शिवाजी नगर स्थित अपने आवास पर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपना और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर स्व-गणना की।