महिलाओं और बच्चों से संबंधित आपराधिक घटनाओं में पुलिस को अतिरिक्त संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ काम करना होगा। अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मी हर हाल में कार्रवाई की जद में आएंगे। रेंज के पुलिसकर्मी यह सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम जमीन विवाद, अवैध वसूली, अवैध खनन को शह देने और अवैध वाहन स्टैंडों के संचालन में न आए।
डीआईजी रेंज ने कहा कि संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई ऐसी हो जो नजीर बने। अभ्यस्त अपराधियों के साथ ही उनके शरणदाताओं के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई दिखे। अभ्यस्त अपराधियों के जमानतदारों के सत्यापन के साथ ही उनकी गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर रहे। हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर किस्म के आपराधिक मामलों में पुलिस त्वरित गति से विवेचना पूरी कर अदालत में चार्जशीट दाखिल करे। इसके साथ ही अदालत में प्रभावी तरीके से पैरवी कर अभियुक्त को सजा दिलाए।