रोहनिया। घमहापुर स्थित आदर्श ढाबा पर खड़े ट्रक के चालक को पीट कर बाइक सवार तीन बदमाशों ने नकदी लूट ली। इस पर ढाबे के स्टाफ और अन्य ट्रकों के चालकों ने दौड़ा कर बदमाशों को पकड़ लिया। तीनों बदमाशों को उनकी बाइक के साथ रोहनिया थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने तीनों से पूछताछ कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।
कुशीनगर के भरषण, कप्तानगंज निवासी रामनिवास गुप्ता घमहापुर स्थित आदर्श ढाबा पर अपना ट्रक खड़ा कर खाना खाने के लिए रुका था। उसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश रामनिवास को मारपीट कर और धमकाकर 1750 रुपये लूट कर बाइक से भागे। रामनिवास ने शोर मचाया तो बाइक से भाग रहे बदमाशों को ढाबा पर काम करने वाले राजकुमार यादव, हरिप्रीत सिंह और ट्रकों के चालकों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। रोहनिया थाने की पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के भभुआ कैमूर के सीवो के राहुल तिवारी, धनेहा के हर्षित तिवारी और पटेल चौक के प्रियांशु पांडेय के रूप में हुई है। तीनों बाइक का कागज भी पुलिस को नहीं दिखा सके। पुलिस चेक करा रही है कि बाइक भी चोरी की तो नहीं है।