फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: बाबा कालभैरव की 72 साल पुरानी स्वर्ण-रजत प्रतिमा के भक्त कल करेंगे दर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव की 72 वर्ष पुरानी स्वर्ण-रजत प्रतिमा की शोभायात्रा 16 जुलाई को निकाली जाएगी। चौखंभा स्थित काठ की हवेली से निकलने वाली यात्रा में डमरुओं और शंख के निनाद के साथ घोड़े पर विराजे देवों के स्वरूपों के दर्शन होंगे। पहली बार मां वैष्णो की झांकी भी बाबा की अगुवाई में निकलेगी।
विज्ञापन

स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम सेठ बच्चा ने मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकारों को बताया कि साल में एक दिन ही बाबा कालभैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा के दर्शन भक्तों को होते हैं। बाबा नगर भ्रमण कर दर्शन देते हैं। बृहस्पतिवार को शोभायात्रा काठ की हवेली से सुबह सात बजे से निकलेगी। शहनाई वादन और फूलों से सजे रथ पर बाबा कालभैरव की स्वर्ण रजत प्रतिमा विराजमान रहेगी। पूरे मार्ग में भक्तगण स्वागत और पुष्प वर्षा करेंगे। प्रसाद वितरण भी होगा।
संस्थापक किशुन सेठ और भीखू सिंह की तस्वीरें फूलों से सजी रहेंगी। शोभायात्रा में मां वैष्णो देवी की झांकी, घोड़े पर सवार भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान भी शामिल होंगे। शंकर-पार्वती, राधा-कृष्ण, मां काली की झांकियां भी रहेंगी। नीरज सेठ के नेतृत्व में कलाकार भजन करते हुए चलेंगे। गोविंदेश्वर महादेव, माता वैष्णो देवी और हनुमान जी की झांकियां यात्रा के केंद्र बिंदु में होंगी। शोभायात्रा के कुशल संचालन के लिए जनार्दन वर्मा प्रधान के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है। नागरिक सुरक्षा कोतवाली प्रखंड के पोस्ट वार्डेन धर्मेंद्र गौतम और दस सदस्य भी सहयोग करेंगे।
विज्ञापन




15 मोहल्लों से गुजरेगी शोभायात्रा
बाबा कालभैरव की शोभायात्रा करीब 15 मोहल्लों से होकर गुजरेगी। घनश्याम सेठ बच्चा ने बताया कि यात्रा बीबी हटिया, जतनबर, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नारियल बाजार, गोविंदपुरा, ठठेरी बाजार, सोराकुआं, गोलघर होते हुए भैरोनाथ चौराहे पर विश्राम लेगी। बाबा कालभैरव मंदिर में स्वर्ण रजत प्रतिमा प्रतिस्थापित होगी। बाबा का भव्य शृंगार और पूजा-अर्चना के बाद बाबा के दर्शन रात्रि में शयन आरती तक चलेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें