फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अर्थव्यवस्था: 500 करोड़ की देव दीपावली, होटल-आवास से 180 करोड़ और नाव-क्रूज से 90 करोड़ का कारोबार

Thu, 26 Nov 2026 11:26 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

देव दीपावली से काशी की अर्थव्यवस्था चमक गई। इस दौरान 500 करोड़ का कारोबार हुआ। जिसमें होटल-आवास से 180 करोड़ और नाव-क्रूज सेवाओं से 90 करोड़ की कमाई हुई। होटल व होमस्टे 100% फुल रहे।  
विज्ञापन
देव दीपावली पर काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर सजावट - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई गई देव दीपावली इस बार केवल लाखों दीपों की जगमगाहट तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने काशी और पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है। डीएवी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप कुमार मिश्र के विश्लेषणात्मक आकलन और कारोबारी संगठनों के अनुसार, तीन दिनों के इस आयोजन के दौरान 450 से 500 करोड़ रुपये तक के पर्यटन कारोबार का अनुमान है। इस हिसाब से प्रतिदिन औसतन 150 से 166.67 करोड़ रुपये की व्यावसायिक गतिविधियां दर्ज की गईं। करीब 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और 40 देशों से आए 50 हजार से अधिक विदेशी पर्यटकों के आगमन ने स्थानीय बाजारों को गुलजार कर दिया।

विज्ञापन


होटल से लेकर ग्रामीण होमस्टे तक शत-प्रतिशत बुकिंग
भारी भीड़ के कारण शहर के फाइव स्टार होटलों से लेकर बजट लॉज तक कई दिन पहले ही फुल हो गए थे। मानसरोवर घाट के नारायण साहनी, बांसफाटक के संदीप चतुर्वेदी, महमूरगंज के महादेव और पांडेयपुर के शीतल जैसे होमस्टे संचालकों ने बताया कि पारंपरिक आतिथ्य और घर के भोजन के कारण परिवारों ने होमस्टे को प्राथमिकता दी। अपर मुख्य सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) अमृत अभिजात ने बताया कि शत-प्रतिशत बुकिंग पर्यटन में जनभागीदारी का प्रमाण है। टूर ऑपरेटर ''ट्रैवल जोन'' के निदेशक प्रदीप चौरसिया ने बताया कि कई महीने पहले से एडवांस बुकिंग होने से कारोबारियों को अच्छी तैयारी का मौका मिला।

Trending Videos

गंगा की लहरों पर बजड़ों की धूम, बाजारों में रौनक
गंगा की धारा से दीपोत्सव देखने के लिए क्रूज और बजड़ों की बुकिंग सप्ताहों पहले ही पूरी हो गई थी। 5 हजार से 20 हजार रुपये तक में बजड़े बुक हुए। वहीं, साड़ी कारोबारी दीपक अग्रवाल और हस्तशिल्प कारोबारी अमर अग्रवाल बताते हैं कि बनारसी साड़ी, गुलाबी मीनाकारी और लकड़ी के खिलौनों की खरीदारी से बुनकरों को बड़ा लाभ मिला। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता ने कहा कि धार्मिक आयोजनों को पर्यटन से जोड़ने की सरकारी पहल से अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।

गंगे ग्राम परियोजना और 25 हजार रोजगार के अवसर
पर्यटन विभाग की ''गंगे ग्राम ग्रामीण पर्यटन परियोजना'' के तहत चंदौली के बलुआ घाट और जौनपुर के मंदिरों में भी भव्य आयोजन हुए। इसमें स्थानीय स्टॉल संचालक अंकित जायसवाल, अशोक मोदनवाल और राजेश जायसवाल को अच्छा मुनाफा हुआ। वहीं, 11 लाख दीपों की सजावट के लिए ग्राम उमराह के कुम्हार लक्ष्मण प्रजापति को 30 हजार दीयों का ऑर्डर मिला। प्रो. मिश्र के अनुसार, आयोजन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 15 से 25 हजार अस्थायी रोजगार पैदा हुए, जिससे नाविकों, ई-रिक्शा चालकों, कुम्हारों और महिला स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ी।

सरकारी राजस्व और जीएसटी में भी बढ़ोतरी
आर्थिक गतिविधियों से सरकारी खजाने को भी लाभ हुआ है। प्रो. मिश्र के विश्लेषण के मुताबिक, यदि 500 करोड़ रुपये के कारोबार में से 250 से 300 करोड़ रुपये की कर योग्य बिक्री मानी जाए, तो 5 से 12 प्रतिशत की औसत दर से करीब 12 से 32 करोड़ रुपये का कुल जीएसटी संग्रह हो सकता है। इसमें उत्तर प्रदेश का एसजीएसटी हिस्सा 6 से 16 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त नगर निगम को पार्किंग और लाइसेंस शुल्क से आय हुई।

काशी की आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई मिली है। धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़कर अंतिम पायदान पर खड़े कारीगरों, नाविकों और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। -जयवीर सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री

देव दीपावली की सफलता का वास्तविक महत्व इसमें है कि पर्यटकों के खर्च का बड़ा हिस्सा सीधे नाविकों, बुनकरों, कारीगरों और स्थानीय परिवारों तक पहुंचे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत हो। -प्रो. अनूप कुमार मिश्र, विभागाध्यक्ष (अर्थशास्त्र), डीएवी कॉलेज

विज्ञापन

ये भी जानें
  • सेक्टर / क्षेत्र - अनुमानित कारोबार (करोड़ रुपये में)
  • होटल, लॉज और होमस्टे - 180 करोड़
  • क्रूज, बजड़ा व नाव संचालन - 90 करोड़
  • रेस्टोरेंट, चाट व खानपान - 75 करोड़
  • बनारसी साड़ी व हस्तशिल्प - 65 करोड़
  • परिवहन व ट्रैवल एजेंसियां - 55 करोड़
  • दीये, फूल-माला, पूजा सामग्री व अन्य - 35 करोड़
  • कुल अनुमानित कारोबार - 500 करोड़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें