वाराणसी। जिले में कोरोना टीकाकरण में अव्यवस्थाओं को रोकने के लिए टोकन सिस्टम जारी तो कर दिया गया है लेकिन, अभी भी टीकाकरण जिला प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है। इधर डीएम ने शासन, पीएमओ से जिले में वैक्सीन के संकट को लेकर उपजे हालातों की जानकारी देते हुए आवंटन बढ़ाने को कहा है, जिससे कि अधिक से अधिक लोगों को जल्द से जल्द टीका लग सके।
जिले में 18 से 44 साल तक के लोगों के लिए 18, जबकि 45 से अधिक उम्र के लिए 57 केंद्र बनाए हैं। पहले केंद्रों की संख्या बढ़कर 100 से अधिक थी लेकिन, अब घटकर 75 तक आ गई है। 18 से 44 साल के लोग पंजीकरण तो करा रहे हैं लेकिन केंद्रों की संख्या कम होने की वजह से ही उन्हें टीकाकरण के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
इसके पीछे टीकाकरण की कमी मुख्य वजह बताई जा रही है। इसको देखते हुए ही जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने शासन और पीएमओ को इससे अवगत कराया है। जिलाधिकारी ने बताया कि वैक्सीन का आवंटन पहले की तुलना में कम हुआ है और जिस तरह से जागरूक हो रहे हैं, इसको देखते हुए ही शासन और पीएमओ से टीकाकरण का आवंटन बढ़ाने को कहा गया है।
जिले में वैक्सीन का आवंटन पहले की तुलना में थोड़ा कम हुआ है। दूसरी ओर अब लोग टीकाकरण को लेकर जागरूक हो गये हैं। लिहाजा, उपलब्ध वैक्सीन की तुलना में लगवाने वालों की संख्या काफी बढ़ गयी है। केंद्र सरकार और प्रदेश शासन को इस बाबत अवगत कराया गया है। - कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी