दो दिवसीय उत्तरी अंचल फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन वाराणसी के पहड़िया स्थित अशोक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी एंड मैनेजमेंट के मैदान पर मंगलवार से शुरू हुआ। पहले दिन दिल्ली रीजन और उत्तर प्रदेश रीजन की टीमें आपस में भिड़ीं। एक तरफा मुकाबले में दिल्ली रीजन ने 5-0 से उत्तर प्रदेश रीजन को हराया। बुधवार को दो बजे पंजाब रीजन और दिल्ली रीजन के बीच फाइनल मुकाबला होगा।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार) की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में दिल्ली रीजन और उत्तर प्रदेश रीजन के बीच मुकाबला शुरू हुआ। पहले हॉफ में दिल्ली रीजन ने दो गोल कर अपनी टीम को2-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में भी दिल्ली रीजन की टीम हावी रही और तीन अन्य गोल कर अपनी टीम को 5-0 की अजेय बढ़त दिला दी। उत्तर प्रदेश की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी।
खेल के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय एथलीट रमेश यादव तथा अशोक इंस्टीट्यूट ऑफ टेकभनॉलॉजी के अध्यक्ष अंकित मौर्या व उपाध्यक्ष अमित मौर्या ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पंजाब रीजन और दिल्ली रीजन के बीच फाइनल मुकाबला बुधवार को दोपहर बाद दो बजे शुरू होगा।