डॉ. अमर अनुपम के आवास पर मनोज तिवारी
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी मजबूती से लडे़गी। देश और प्रदेश में जिस तरह से सरकार ने शिक्षा, चिकित्सा सहित अन्य क्षेत्रों में विकास का खाका खींचा है, उससे जनता का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग तथ्यहीन समाचारों को ज्यादा से ज्यादा सोशल मीडिया पर फैलाने का अवसर तलाशते हैं।
इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) के सचिव डॉ. अमर अनुपम के आवास पर अनौपचारिक बातचीत में मनोज तिवारी ने कहा कि कुछ ,राजनीतिक लोग हिंसा कराने के लिए ही लगे हैं। ममता बनर्जी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भय का माहौल बनाया जा रहा है। चुनाव के बाद अब तक 53 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है।
अयोध्या में जमीन को लेकर शुरू विवाद में मनोज तिवारी ने कहा कि चंपत राय जिन्होंने पूरा जीवन देश सेवा के लिए समर्पित कर दिया, उन पर झूठा आरोप लगाने वालों को ईश्वर सजा देगी। बताया कि कोरोना की पहली लहर हो या दूसरी, केवल दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी ही नहीं देश, प्रदेश में सभी जगहों पर सरकार की मॉनिटरिंग का ही नतीजा रहा कि कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण में जल्दी कामयाबी मिली।