डीएलएड प्रशिक्षण कार्यक्रम की सेमेस्टर परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो रही हैं। कार्यक्रम के अनुसार पहले सेमेस्टर की परीक्षा 21 सितंबर और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा 24 सितंबर से शुरू होंगी। जिले में पहले सेमेस्टर की परीक्षा में 5 केंद्रों पर 2240 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। ऐसे ही तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए 7 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 2700 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां शनिवार और रविवार तक पूरी कर ली गईं।
डायट प्राचार्य उमेश शुक्ला ने बताया कि डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2025 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 21, 22 और 23 सितंबर को होगी। डीएलएड प्रशिक्षण 2024 के तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 24, 25 और 26 सितंबर को प्रस्तावित है। डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2023 के दूसरी और चौथे सेमेस्टर के बैक व आंशिक परीक्षार्थियों के लिए भी कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा 12 से 14 अक्तूबर और चौथे सेमेस्टर की परीक्षा 15 से 17 अक्तूबर तक प्रस्तावित है। प्राचार्य ने बताया कि पहले सेमेस्टर में तीन दिनों में बाल विकास, शिक्षण अधिगम के सिद्धांत, विज्ञान, गणित, सामाजिक अध्ययन, हिंदी, संस्कृत या उर्दू और कंप्यूटर विषय की परीक्षाएं होंगी। तीसरे सेमेस्टर में शैक्षिक मूल्यांकन क्रियात्मक शोध एवं नवाचार, समावेशी शिक्षा, विज्ञान, गणित, सामाजिक अध्ययन, हिंदी, संस्कृत या उर्दू और कंप्यूटर विषय की परीक्षाएं होंगी। परीक्षा का समय अलग-अलग निर्धारित है। परीक्षार्थियों को परीक्षा से संबंधित जानकारियां पहले ही दे दी गई हैं।