पेड़ से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौत
सहतवार-हल्दी मार्ग पर परसा गांव के सामने हनुमान मंदिर के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में हरपुर निवासी नीरज राजभर (25) और बादल राजभर (24) की मौत हो गई। दोनों दोस्त थे और सहतवार से अपने गांव लौट रहे थे। ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां नीरज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बादल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हरपुर गांव निवासी नीरज राजभर खेती करता था, जबकि बादल गुजरात में निजी नौकरी करता था और छठ पूजा पर गांव आया था। दोनों शादीशुदा थे। बादल की दो बेटियां हैं। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने परिजनों को सांत्वना देने के साथ आर्थिक सहायता भी प्रदान की। थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थी। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
एक साल में मां ने खोए दोनों बेटे, हादसे में छोटे की भी मौत
बेल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के अखोप गांव में बुधवार रात पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में अखोप पट्टी निवासी हेमंत उर्फ टिल्लू (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतीश कुमार (19) और ससनाबहादुरपुर निवासी दयाशंकर (65) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि करीब एक साल पहले इसी स्थान से लगभग 100 मीटर आगे सड़क दुर्घटना में हेमंत के बड़े भाई आदित्य की भी मौत हो गई थी। दोनों बेटों को खोने से मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूर्व प्रधान प्रवीण कुमार ने बताया कि परिवार पर यह दूसरी बड़ी विपत्ति है। थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डुहां बिहरा निवासी दिव्यांशु (25) भी बुधवार रात बाइक असंतुलित होने से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।