फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बलिया में तीन युवकों की मौत: तीन परिवारों के बुझ गए चिराग, हादसों में 3 घायल, दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत

Thu, 19 Nov 2026 05:49 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।

सार

जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। कहीं तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई तो कहीं दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसों में तीन परिवारों के चिराग बुझ गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
हादसे के बाद शव को लेकर जाते लोग। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बलिया जिले में बुधवार की रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सहतवार और बेल्थरारोड क्षेत्र में हुए हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सहतवार क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो दोस्तों नीरज राजभर (25) और बादल राजभर (24) की जान चली गई।

विज्ञापन


वहीं, उभांव थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में हेमंत टिल्लू (19) युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। सिकंदरपुर क्षेत्र में भी बाइक असंतुलित होने से एक युवक घायल हो गया। बेल्थरारोड के हेमंत टिल्लू की मौत से एक परिवार ने एक साल के भीतर अपने दोनों बेटों को खो दिया, जबकि सहतवार के हादसे में परिवार में दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Trending Videos

पेड़ से टकराई बाइक, दो दोस्तों की मौत
सहतवार-हल्दी मार्ग पर परसा गांव के सामने हनुमान मंदिर के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में हरपुर निवासी नीरज राजभर (25) और बादल राजभर (24) की मौत हो गई। दोनों दोस्त थे और सहतवार से अपने गांव लौट रहे थे। ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां नीरज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बादल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

हरपुर गांव निवासी नीरज राजभर खेती करता था, जबकि बादल गुजरात में निजी नौकरी करता था और छठ पूजा पर गांव आया था। दोनों शादीशुदा थे। बादल की दो बेटियां हैं। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने परिजनों को सांत्वना देने के साथ आर्थिक सहायता भी प्रदान की। थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थी। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
विज्ञापन

एक साल में मां ने खोए दोनों बेटे, हादसे में छोटे की भी मौत
बेल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना क्षेत्र के अखोप गांव में बुधवार रात पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में अखोप पट्टी निवासी हेमंत उर्फ टिल्लू (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतीश कुमार (19) और ससनाबहादुरपुर निवासी दयाशंकर (65) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि करीब एक साल पहले इसी स्थान से लगभग 100 मीटर आगे सड़क दुर्घटना में हेमंत के बड़े भाई आदित्य की भी मौत हो गई थी। दोनों बेटों को खोने से मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूर्व प्रधान प्रवीण कुमार ने बताया कि परिवार पर यह दूसरी बड़ी विपत्ति है। थाना प्रभारी अनिल उपाध्याय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डुहां बिहरा निवासी दिव्यांशु (25) भी बुधवार रात बाइक असंतुलित होने से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें