यूपी के जौनपुर जिले में दो अलग अलग हादसों में 11वीं की छात्रा सहित दो लोगों की मौत हो गई। सरपतहा थाना क्षेत्र के बसौली गांव निवासी सुभाष चंद्र चौधरी की बेटी सुप्रिया चौधरी (17) गांधी स्मारक इंटर कालेज समोधपुर में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। सोमवार को दोपहर बाद स्कूल से छुट्टी होने पर वह साइकल से घर लौट रही थी। वह तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर छोड़कर चालक फरार हो गया।
हादसे की खबर लगते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर शेरवां बाजार निवासी सराफा व्यवसायी हीरालाल सेठ (65) बिजली का बिल जमा कर विद्युत उपकेंद्र से घर लौट रहे थे। वह दोपहर करीब 2:45 बजे सिकरारा बरईपार मार्ग पर देवीगंज के पास पहुंचे थे तभी किसी वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई।
मृतक के पुत्र अजय कुमार के अनुसार वह किसी सवारी गाड़ी से बिल जमा करने गए थे। वह वापस कैसे आ रहे थे इसता पता नहीं चल सका। वह किसी बाइक सवार से लिफ्ट लेकर वापस आ रहे थे। आस पास के कुछ लोगों का कहना है कि दो बाइक की आपस में टक्कर हुई थी उसी दौरान पीछे बैठे हीरालाल सड़क पर गिर गए और उनका सिर फट गया। जबकि दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।