जौनपुर जिले के गोपालापुर बसगोतान गांव में सोमवार को कुएं में अखिलेश सिंह (35) का शव मिलने पर सनसनी फैल गई। अखिलेश का गला रेतकर हत्या करने के बाद बदमाशों ने हाथ-पैर बाध कर शव कुएं में फेंक दिया था। अखिलेश के खिलाफ वाराणसी के शिवपुर थाने में एक डॉक्टर से 30 लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज था।
अखिलेश गुरुवार की शाम बाजार गया था। रात बीतने पर भी वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी। खोजबीन की गई लेकिन अखिलेश का पता नहीं लगा तो सूचना रामपुर थाने पर दी गई। सोमवार की सुबह घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर कुएं में अखिलेश का शव किसी ग्रामीण ने उतराया देखा तो परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। उधर, पुलिस मामले में कार्रवाई की बजाय हीलाहवाली करते दिखी। पुलिस के अनुसार अखिलेश के खिलाफ लूट, मारपीट, गुंडा एक्ट सहित अन्य आरोपों में रामपुर सहित अन्य थानों में मुकदमा दर्ज है। अखिलेश के पिता द्वारका प्रसाद सिंह की तहरीर पर रामपुर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।