गाजीपुर जिले के सैदपुर-चंदौली मार्ग पर स्थित सब्डी मंडी गेट के सामने बुधवार की रात किसी अज्ञात वाहन की जद में आने से एक 35 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुट गई। सैदपुर क्षेत्र के सैदपुर-सकलडीहा मार्ग पर स्थित सब्डी मंडी में गुरुवार की भोर में किसान पहुंचे तो करीब चार बजे मंडी गेट के सामने सड़क के बीचो-बीच एक युवक का क्षत-विक्षत शव देखा।
इसकी जानकारी होते ही वहां लोगों को भीड़ लग गई। लोग युवक की पहचान करने में जुट गए। शव को देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उस पर से कई वाहन गुजर चुके थे। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से पूछताछ करने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
घटना को लेकर लोग यह आशंका व्यक्त कर रहे थे कि शायद रात में युवक किसी वाहन की जद में आ गया होगा। शव के सड़क के बीचोबीच होने की वजह से अन्य वाहन भी रौंदते हुए आगे निकल गए होंगे, जिससे शव क्षत-विक्षत हो गया होगा। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतक युवक गोल्ड स्टार जूता पहने था।
पीले रंग का लोअर और काले रंग की शाल ओढ़े था। उसके पास से कोई कागजात या मोबाइल भी नहीं मिला। आशंका है कि रात में किसी वक्त सड़क पार करते समय युवक किसी वाहन की जद में आ गया होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।