मिर्जापुर के अदलपुरा पंप कैनाल में फंसा शव मिलने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना चुनार पुलिस को दी। शव को बाहर निकाला तो पता चला वाराणसी से अपहरण के बाद हत्या कर फेंके गए साड़ी व्यवसायी का शव है।
वाराणसी से अपहृत साड़ी कारोबारी का हत्या कर फेंका शव शनिवार को चुनार कोतवाली के अदलपुरा पंप कैनाल में मिला। सूचना पर वाराणसी पुलिस कारोबारी के परिजनों के साथ पहुंची। भेलूपुर निवासी साड़ी कारोबारी महमूद आलम 14 जनवरी को तीन बजे घर से निकले, फिर लौट कर नहीं आए।
विज्ञापन
अपहरण की आशंका पर उनके पुत्र फैजान ने भेलूपुर थाने में तहरीर दी। भेलूपुर पुलिस व्यापारी की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने कारोबारी के अपहरण व हत्या का खुलासा किया। मामले में महिला समेत पांच लोग गिरफ्तार किए गए। आरोपियों ने स्वीकार किया था कि कारोबारी की गला कसकर हत्या करने के बाद शव को चुनार में गंगा में फेंक दिया था। इसके वाद वाराणसी पुलिस यहां गंगा में शव की तलाश कर रही थी।
शनिवार की सुबह चुनार के अदलपुरा पंप कैनाल में एक शव फंसा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना चुनार पुलिस को दी। मौके पर सीओ चुनार मंजरी राव, कोतवाल चुनार त्रिवेणी लाल सेन पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। इसकी सूचना वाराणसी पुलिस को दी गई।
विज्ञापन
वाराणसी पुलिस कारोबारी के परिजनों को लेकर पहुंची। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। दो डाक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि ने बताया कि साड़ी कारोबारी का शव पंप कैनाल में फंसा मिला है।
मुंह पर टेप लगाया, हाथ-पैर दुपट्टे से बांधकर गंगा में फेंका
पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, फिर चुनार मेें ही पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के मुताबिक, महमूद के मुंह पर टेप लगाया गया था। हाथ-पैर दुपट्टे से बांधकर गंगा में फेंका गया था। गला कसे जाने के निशान भी मिले हैं। वाराणसी के भेलूपुर से चुनार आए परिजनों को शव सौंप दिया गया। डीसीपी काशी आरएस गौतम ने बताया कि मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से शव बरामद किया गया है। पुलिस के साथ आए परिजनों ने शिनाख्त भी कर दी है। पिता का शव मिलने की सूचना पर बेटे फैजान, इरशाद और अन्य रिश्तेदार भी मिर्जापुर गए।