लाइनमैन की मौत के बाद हंगामा करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
दरअसल, शिवप्रकाश पाल विद्युत उपकेंद्र शक्तिपीठ से जुड़े दिव्या श्री अपार्टमेंट निकट हवेलिया चौराहा के पास सुबह 8:45 बजे टॉसफार्मर का फ्यूज लगाने गए थे। इसी बीच लाइन चालू कर दी गई। अचानक धड़ाम की आवाज आई और शिवप्रकाश ट्रांसफार्मर से नीचे गिर पड़े। आसपास के लोगों ने उन्हें पंडित दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक शिव प्रकाश के परिजन उपकेंद्र पर पहुंच गए, लेकि न वहां कोई अधिकारियों नहीं मिला। शाम सात बजे अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार वर्मा ने आर्थिक सहायता देने व अवर अभियंता को निलंबित करने की जानकारी दी।
मजदूर पंचायत के मंडल मंत्री अंकुर पांडेय ने कहा कि दोनों घटनाओं में संविदा कर्मी शटडाउन लेकर गए थे। लेकिन, लाइन चालू कर दी गई। एमडी के वरिष्ठ सलाहकार एसके बघेल ने बताया कि अवर अभियंता को निलंबित कर दिया गया। साथ ही मामले में अधिशासी अभियंता व एसडीओ के खिलाफ जांच व कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे, तभी पता चला कि विद्युत उपकेंद्र नगर निगम के संविदा कर्मी ज्ञानेंद्र (30) सिगरा चंद्रिका नगर में फाल्ट सही करते समय झुलस गए हैं। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ही दो घटनाओं से नाराज बिजली कर्मचारियों ने इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप कर दी।
हुकुलगंज बर्फ फैक्ट्री के पीछे गली में लगे बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से संरक्षित पशुओं की मौत हो गई। लोगों की सूचना पर विद्युत विभाग ने इस इलाके में आपूर्ति बंद की। मौके पर पहुंचे जेई ने मृत संरक्षित पशुओं को हटवाया। साथ ही फाल्ट को सही कराया। आसपास के लोगों ने बताया कि खंभे में लगे स्ट्रीट लाइट की तार खुले थे, उसमें स्विच तक नहीं लगाए गए थे। बारिश होने पर दोनों तार खंभे में सट गए, जिसके कारण करंट उतर गया।
ठंड के बीच हल्की बारिश ने बिजली निगम की व्यवस्थाओं और दावों की पोल खोलकर रख दी। फाल्ट की तमाम शिकायतें मिलीं। विद्युत मजदूर संगठन के मंडल मंत्री अंकुर पांडेय ने बताया कि संसाधनों की कमी है। जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। विद्युत दुर्घटनाओं की वजह से वाराणसी मंडल में ही एक अप्रैल 22 से लेकर अब तक 73 लोगों की जान गई है।
इनमें विद्युत वितरण मंडल वाराणसी में 27, नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम में दो और नगरीय विद्युत मंडल द्वितीय में चार लोगों की जान गई है। इसी तरह विद्युत वितरण मंडल चंदौली में 20, गाजीपुर में 8, जौनपुर में 12 लोगों की जान जा चुकी है।