Varanasi News: पुलिस दोनों की लोकेशन ट्रैक कर वरुणा नदी के किनारे पहुंची तो वहां उनके कपड़े और बाइक मिली। वरुणा नदी में दोनों की खोजबीन शुरू की गई, लेकिन उनका पता नहीं लगा। गुरुवार सुबह एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर संजीव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने एक घंटे के सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों का शव बरामद कर लिया।
वाराणसी के सेवापुरी स्थित भतसार गांव में वरुणा नदी में निर्माल्य प्रवाहित करने के बाद स्नान के दौरान डूबे दो भाइयों का शव गुरावार सुबह बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
जंसा थाना क्षेत्र के भतसार गांव निवासी जयप्रकाश सिंह उर्फ लवकुश के घर रामायण पाठ था। बुधवार को पाठ होने के बाद जयप्रकाश का बड़ा बेटा आयुष (17) और उनका भांजा राजातालाब थाना के भिखारीपुर का कार्तिकेय (15) बाइक से वरुणा नदी के बलबलवा घाट पर निर्माल्य प्रवाहित करने गए थे।
उसके बाद दोनों नदी के किनारे कपड़ा उतार कर नहाने चले गए और गहरे पानी में डूब गए। देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। मोबाइल पर कॉल करने पर घंटी बज रही थी, लेकिन कोई रिसीव नहीं कर रहा था। सूचना पुलिस को दी गई।
विज्ञापन
मां-बाप का इकलौता बेटा था कार्तिकेय
आयुष दो भाई और दो बहनों में बड़ा था। पिता जयप्रकाश ड्राइवर हैं। 11वीं के छात्र आयुष का शव बरामद होने के बाद उसकी मां शिल्पी सिंह बेहोश हो गई। वहीं, 10वीं का छात्र कार्तिकेय अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट का काम करने वाले कार्तिकेय के पिता अभिषेक राय और मां पिंकी को परिजन बड़ी ही मुश्किल से संभाले हुए थे।