वाराणसी। चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर मंगलवार की भोर में बेतरतीब तरीके से खड़ी नगर निगम की कूड़ा गाड़ी (डंपर) से डीसीएम भिड़ गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। चालक डीसीएम में धान लादकर मोहनसराय जा रहा था।
अंबेडकरनगर के जलालपुरा थाना अंतर्गत चटकारा अलहौला गांव निवासी विजय कुमार शुक्ला (55) खुद की डीसीएम गाड़ी चलाते थे। सोमवार रात में लखनऊ से धान का बीज लेकर मोहनसराय जा रहे थे। मंगलवार भोर में लगभग साढ़े तीन बजे चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर बेतरतीब खड़ी नगर निगम की कूड़ा गाड़ी से डीसीएम भिड़ गई। हादसे के बाद विजय शुक्ला स्टेयरिंग में काफी देर तक फंसे रहे। मौके पर पहुंची रोडवेज चौकी पुलिस ने क्रेन मंगाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अलग कराया और चालक को बाहर निकाला। घटनास्थल पर ही चालक की मौत हो गई। जेब से मिले डीएल और आधार कार्ड के जरिए विजय शुक्ला के परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। दोपहर बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पत्नी पुष्पा देवी और बेटे राकेश कुमार शुक्ला सहित अन्य रिश्तेदार पहुंचे। बेटे राजकुमार और रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि नगर निगम की कूड़ा गाड़ी बेतरतीब तरीके से खड़ी की गई थी। नगर निगम की लापरवाही से हादसा हुआ है।