पुलिस लाइन में ‘यूपी 100’ योजना का शुभारंभ करते कैबिनेट मंत्री अहमद हसन।
जिले में ‘यूपी 100’ योजना की शुरुआत शनिवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अहमद हसन ने पुलिस लाइन में की। अब मुसीबत में फंसे किसी भी व्यक्ति द्वारा 100 नंबर डायल करने पर शहरी क्षेत्र में अधिकतम 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 20 मिनट में मदद के लिए पुलिस पहुंच जाएगी। पुलिस लाइन से यूपी 100 के तहत 32 इनोवा और 22 बोलेरो को हरी झंडी दिखाकर मंत्री ने उनके बेस स्टेशन के लिए रवाना किया। रात आठ बजे से 100 नंबर पर की जाने वाली कॉल का जवाब भी लखनऊ स्थित यूपी 100 कॉल सेंटर से मिलने लगा।
कबीना मंत्री ने कहा कि पुलिस के पास अथाह शक्ति के साथ अपार जिम्मेदारी है। अब कोई यह नहीं कहेगा कि हमने शिकायत की तो पुलिस नहीं आई या पुलिस हमेशा देरी से आती है। यूपी 100 सुरक्षा संबंधी ऐसी योजना विश्व में कहीं भी नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं 33 साल पुलिस विभाग में कार्यरत रहा मगर इस सरकार ने पुलिसकर्मियों को जितनी सुविधाएं दी उतनी किसी ने नहीं दी। इस दौरान मंत्री ने कांस्टेबल प्रमोद सिंह यादव, वीरबहादुर यादव, शिवकुमार, अंशुमान सिंह और दुर्गेश कुमार को मंच पर बुलाकर यूपी 100 के वाहनों की चाबियां, फ्यूल कार्ड सहित अन्य कागजात सौंपे।
इस दौरान मंच पर राज्य मंत्री सुरेंद्र पटेल, एमएलसी शतरूद्र प्रकाश, कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण, आईजी जोन एसके भगत, डीआईजी विजय भूषण, डीएम योगेश्वर राम मिश्र, एसएसपी नितिन तिवारी, सपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, मनोज राय धूपचंडी, डॉ. केपी यादव आदि मौजूद रहे। संचालन डॉ. ऋतु गर्ग, स्वागत एसपी ग्रामीण आशीष तिवारी ने और आभार एसपी प्रोटोकॉल एससी रावत ने जताया।