यूपी कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय युवा महोत्सव युवा वाणी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ सहित कई कॉलेजों के विद्यार्थियों ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएवी पीजी कॉलेज की टीम को पहला, यूपी कॉलेज को दूसरा और महात्मा गांधी विद्यापीठ की टीम को तीसरा स्थान मिला।
युवा वाणी में अंतिम दिन रविवार को युवा संसद में छात्र सांसदों ने तीन विधेयकों पर बातचीत की। इसमें छात्रसंघ चुनाव को संवैधानिक मान्यता और सभी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में इसे अनिवार्य रूप से आयोजित करने, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण को मौलिक अधिकारों में शामिल करने का विधेयक प्रस्तुत किया। इसके अलावा पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव कराने से संबंधित विधेयक भी प्रस्तुत किया।
आईआईटी इंदौर के डॉ. डीके राय ने कहा कि आज की पीढ़ी को नई तकनीक की ओर अग्रसर होना चाहिए। आरटीओ सुधांशु रंजन ने युवाओं को सड़क सुरक्षा का संकल्प दिलाते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को हेलमेट और यातायात नियमों का पालन कर समाज में परिवर्तन की मिसाल पेश करनी चाहिए। इस दौरान कृष्णमूर्ति सिंह, शाश्वत चौबे, भानु प्रताप सिंह, प्रियांशु उपाध्याय, सिद्धार्थ सिंह, सुमिरन सिंह एवं आयुष दुबे आदि लोग मौजूद रहे।