आरोप है कि थाने में तैनात सिपाही राकेश यादव ने रिहा करने के नाम पर पैसे की मांग की। उधर, भाजपा आईटी सेल के सह प्रभारी रितिक मिश्रा के साथ दुर्व्यहार की सूचना मिलने पर भाजपा पदाधिकारियों ने लंका थाने पहुंचकर विरोध जताया। देर रात तक महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, अशोक पटेल, अमित राय, राहुल सिंह, अभिनव पांडेय, राजीव पटेल, राज मिश्रा, सुमित मिश्रा आदि ने लंका थाने पर धरना दिया। घटना को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर देर रात आरोपी दरोगा सहित छह के खिलाफ मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज किया गया।
भाजपा सभासद के संग बदसलूकी मामले में रामनगर थाने के दरोगा राजेश दुबे को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस उपायुक्त के आदेश पर बुधवार की शाम यह कार्रवाई की गई। कोदोपुर स्थित कपूर फैक्ट्री के खिलाफ सभासद रामनरेश सोनकर ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
उस मुकदमे की विवेचना के लिए दरोगा द्वारा सभासद सहित अन्य 15 लोगों को थाने बुलाया जा रहा था, इसी बात को लेकर दरोगा और सभासद में फोन पर नोकझोंक हुई। सभासद ने एमएलसी लक्ष्मण आचार्य को घटना की जानकारी दी। आरोप है कि दरोगा ने एमएलसी लक्ष्मण आचार्य से भी तल्ख लहजे में बात किया। एमएलसी द्वारा पुलिस उच्चाधिकारियों से शिकायत पर पुलिस उपायुक्त आरएस गौतम ने उपनिरीक्षक राजेश दुबे को लाइन हाजिर कर दिया।
डीसीपी काशी आरएस गौतम ने बुधवार की रात कोतवाली थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुना व मौके पर ही निस्तारण किया। डीसीपी काशी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि आमजन से अच्छा व्यवहार रखें। हिदायत दी कि दुर्व्यवहार की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक आरक्षी अपनी-अपनी बीटबुक व लोगों से संवाद स्थापित करें। थाने के सभी हिस्ट्रीशीटर की दिन व रात में चेकिंग व क्रियाशील अपराधियों की निगरानी को निर्देशित किया। थाने पर प्राप्त होने वाली जनता के प्रार्थना पत्रों की जांच तीन दिन के अंदर पूरी करें। महिला कर्मियों को अपने बीट क्षेत्र में जाने व महिलाओं से संपर्क करने और उनमें सुरक्षा की भावना के लिए निर्देशित किया।