भेलूपुर क्षेत्र के सरायनंदन खोजवा में बुधवार की रात करीब ढाई बजे नकाबपोश बदमाश ने बेडरूम में घुसकर डांसर राकेश बेनवंशी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद कातिल भाग निकला। राकेश ने दो शादियां की थीं। घटना के कारणों की छानबीन में जुटी पुलिस ने उसकी दोनों पत्नियों को हिरासत में लिया है।
पानी टंकी भेलूपुर निवासी संग्राम बेनवंशी के चार पुत्रों में राकेश सबसे छोटा था। शुरू से ही वह नाच-गाने का शौकीन था। पिछले कई वर्षों से वह आर्केस्टा में डांस करने के साथ ही युवाओं को डांस भी सिखाता था। उसकी शादी शहर के ही औरंगाबाद निवासी उर्वशी से हुई थी। इनके दो बच्चे पुत्र ऋषभ और पुत्री सारिका हैं। कुछ वर्षों बाद राकेश ने शिवाला की एक युवती से दूसरी शादी कर ली। पहली पत्नी और बच्चों के साथ वह सरायनंदन खोजवा में सपा नेता नंदलाल केशरी के मकान के प्रथम तल पर किराए पर रहता था।
जबकि, दूसरी पत्नी शिवाला में ही रहती है। पता चला कि उसकी दोनों पत्नियों के बीच मनमुटाव चल रहा था। बुधवार की रात डांसर खोजवा में अपने कमरे में सोया था। उसकी पत्नी उर्वशी के मुताबिक रात करीब सवा दो बजे कोई उसके कमरे का दरवाजा पीटने लगा। जब उसने दरवाजा खोला तो बाहर खड़ा नकाबपोश बदमाश उसे धकेलते हुए घुस आया। वह गश खाकर गिर पड़ी। तब तक बेडरूम में घुसे बदमाश ने गोली मारकर राकेश की हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर जब लोग मौके पर पहुंचे, कातिल भाग चुका था। सूचना पर एसएसपी जोगेेंद्र कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी भेलूपुर एके ओझा ने बताया कि अज्ञात कातिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।