केंद्र शासित राज्य दमन में पिछले माह स्क्रैप कारोबारी सहित दो लोगों की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वहां की पुलिस ने एसटीएफ वाराणसी से मदद मांगी है।
दमन-दीव की पुलिस को इस मामले में बड़ागांव के भेलखा निवासी एक शख्स की तलाश है। इस सिलसिले में यहां आई दमन-दीव पुलिस की टीम ने एसटीएफ की मदद से उसके करीबियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
12 अप्रैल को दमन के एक रेस्टोरेंट में स्क्रैप के व्यवसाय में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर अजय रमन पटेल और उनके सहयोगी धीरेंद्र पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस की तफ्तीश के दौरान सीसीटीवी फुटेज में वाराणसी के भेलखा निवासी एक व्यक्ति की तस्दीक हुई और वह वारदात में शामिल बताया गया है। भेलखा निवासी शख्स का जुड़ाव स्क्रैप व्यवसायियों से था और उसके मोबाइल की आखिरी लोकेशन यहां छावनी क्षेत्र में मिली थी।
बताया जाता है कि दमन पुलिस से मोबाइल पर हुई बातचीत में भेलखा निवासी शख्स ने मिलकर सहयोग करने की बात कही थी लेकिन अब वह सामने नहीं आ रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अब दमन-दीव की पुलिस ने एसटीएफ वाराणसी से मदद मांगी है।