घनी आबादी और तंग गलियों वाली दालमंडी स्थित कच्ची सराय में रविवार को चूड़ी केस और प्लास्टिक के गोदाम में आग लगने से अफरातफरी मच गई। इस दौरान एक महिला मामूली रूप से झुलस गई वहीं दूसरे छत पर कूदने के दौरान एक युवती को चोटें आईं। अजीजुर्रहमान कटरा की पहली मंजिल पर कूड़ा जलाने से लगी आग ने धीरे-धीरे लगभग पूरी इमारत को अपनी जद में ले लिया।
संकरी गलियों के चलते फायर ब्रिगेड भी मौके पर नहीं पहुंच पाई जिससे आग और बेकाबू हो गई। दूर खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से पाइप के सहारे घटना स्थल तक पानी पहुंचाया गया। दमकल की 13 गाड़ियों और 50 फायर कर्मियों की दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
तीन मंजिल के अजीजुर्रहमान कटरे के भूतल पर करीब 25 दूकानें हैं। प्रथम तल पर शहनवाज उर्फ बबलू का रज्जाक ट्रेडर्स के नाम से चूड़ी केस का गोदाम, नया चौक के दूकानदार आलोक शर्मा के प्लास्टिक के सामानों के गोदाम के साथ चार अन्य गोदाम हैं।
इसके ऊपर दूसरी और तीसरी मंजिल पर कई परिवार किराये पर रहते हैं। मोहल्ले वालों ने बताया कि रविवार को दोपहर में पहली मंजिल पर गोदाम वाले हिस्से में गत्ते एवं कागजों के ढेर में किसी ने आग जलाई थी। इसकी चिंगारी से गोदाम में आग लग गई।
दोपहर दो बजे के करीब लोगों ने धुआं देखा तो फायर बिग्रेड को सूचना दी। सूचना पर दमकल की 13 गाड़ियों मौके पर पहंुची। पाइप के सहारे गलियों में आग बुझाने में तकरीबन पचास फायर कर्मियों को लगाया गया। खुद अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह भी मौके पर उपस्थित थे और पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे थे। स्थानीय पार्षद विक्की खान, मैहर, शौकत अली, कल्लू भाई, मंसूर, आयान, अंबर आदि के सहयोग से दो घंटे बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली।