हरहुआ/बाबतपुर। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शनिवार को बड़ागांव पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। आरोप है कि वह आजमगढ़ के फूलपुर थानाक्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व हुए 12.20 लाख की लूट में शामिल रहा है। आजमगढ़ पुलिस उसे अपने साथ ले गई। आधिकारिक सूत्र पकड़े गए आरोपी के संबंध डी कंपनी से होने का दावा कर रहे हैं। एयरपोर्ट से आरोपी को बाहर लाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
आजमगढ़ के सरायमीर का रहने वाला युवक रेहान पिता इसरार अहमद के साथ शनिवार को दोपहर में वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। एयरपोर्ट से वह स्पाइसजेट एयरलाइंस के विमान से मुंबई जाने वाला था। वह एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में स्थित चेकिंग काउंटर पर मौजूद था। उसी समय सादे ड्रेस में पहुंची बड़ागांव थाने की पुलिस ने उसे पकड़ लिया और टर्मिनल भवन के बाहर लेकर आई। बाहर निकलते ही युवक हंगामा करने लगा और पुलिसकर्मियों के साथ जाने से इन्कार कर दिया और एक वाहन के सामने लेट गया। काफी अफरातफरी के बाद पुलिस उसे बड़ागांव थाने ले गई। हालही में आजमगढ़ में हुई लूट के बाद वह बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने के लिए वह मुंबई भाग रहा था। वहां से विदेश भागने की फिराक में था। उसके पास कहां का वीजा था यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस संबंध मे थानाध्यक्ष बडागांव ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी आजमगढ़ में कुछ दिन पहले हुई बड़ी लूट का मुख्य आरोपी है। इससे पहले हवाला कांड का भी आरोपी है।
कहीं पुलिस की कुछ और प्लानिंग तो नहीं
सरायमीर क्षेत्र से आधा दर्जन लोगों को पुलिस द्वारा उठाए जाने और इस बारे में किसी को कोई जानकारी न दिए जाने की कवायद कुछ और ही इशारा कर रही है। वहीं, बाबतपुर हवाईअड्डे से किसी को उठाए जाने के मामले में भी एसओ से लेकर एसपी तक कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं। चर्चा यह भी है कि जिले में ताबड़तोड़ हो रही लूट की घटनाओं से हो रही किरकिरी से पुलिस महकमा परेशान है। इससे निजात पाने के लिए और गिरफ्तारी या एनकाउंटर की प्लानिंग कर रही है।