चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से जिले में तेज हवा और बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया। करीब 100 स्थानों पर पेड़ और 150 जगह बिजली के खंभे गिर गए। स्टेट हाईवे समेत लिंक मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। करीब 25 मिमी बारिश से शहर के निचले इलाकों और नपा कार्यालय परिसर में जलभराव हो गया।
विज्ञापन
1 of 16
अतराैलिया में बिजली के पोल पर गिरे पेड़ को हटाते हुए।
- फोटो : संवाद
चक्रवाती तूफान अर्नब ने जिले में जमकर तबाही मचाई है। जिले में करीब 100 जगहों पर पेड़ गिर गए हैं। इससे स्टेट हाइवे आजमगढ़-गाजीपुर सहित लिंक मार्गों पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
वहीं, 150 जगहों पर बिजली के पोल और तार भी टूटकर गिरने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। शहर से लेकर गांव तक शुक्रवार की शाम से शनिवार की देर शाम तक बिजली न आने से पीने के पानी के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। बीते 24 घंटे से 20 उपकेंद्रों से बिजली बहाल नहीं हो पाई। इस दौरान 24 घंटे में करीब 25 मिमी बारिश दर्ज की गई।
विज्ञापन
2 of 16
जल निगम का कार्यालय हुआ जलमग्न।
- फोटो : संवाद
जिले में शुक्रवार से शनिवार की शाम तक रुक-रुक कर 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा संग हुई बारिश ने चहुंओर तबाही मचाई। शहर से लेकर गांव तक सड़कों पर पेड़ गिर गए। इससे आवागमन प्रभावित हुआ।
विज्ञापन
3 of 16
लगातार बारिश से जलभराव।
- फोटो : संवाद
वहीं दोपहर में हुई तेज बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। शहर के मध्य स्थित नगरपालिका कार्यालय परिसर भी जलमग्न हो गया। वहीं, जलकल कार्यालय परिसर में भी जलजमाव हो गया।
4 of 16
तेज हवा से गिरा पेड़।
- फोटो : संवाद
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है। जिले में शहरी क्षेत्र में 60 सहित पूरे जिले में 150 बिजली के पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। अधीक्षण अभियंता गौरव तिवारी ने बताया कि बिजली विभाग के कर्मचारी दिन-रात आपूर्ति बहाली में लगे हुए हैं। पोल व तार लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
विज्ञापन
5 of 16
आजमगढ़ में तेज चक्रवाती तूफान का कहर।
- फोटो : संवाद
आंधी में सड़क पर गिरा बबूल का पेड़
शुक्रवार रात आंधी-बारिश के दौरान कप्तानगंज-तहबरपुर-मुहम्मदपुर (केटीएम) मुख्य मार्ग पर तहबरपुर थाने के पास अंडरपास के समीप खरचलपुर में बबूल का पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे मुख्य मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। शनिवार सुबह डीएलएड की परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पेड़ गिरने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी रात से बाधित है।
विज्ञापन
6 of 16
पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
- फोटो : संवाद
स्टेट हाइवे पर गिरा पेड़ और बिजली का खंभा
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण शनिवार को क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित रहा। आजमगढ़-गाजीपुर मुख्य मार्ग पर छतवारा के पास बयासी में तेज हवा के चलते पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं, गोधौरा हरिजन बस्ती के पास मार्ग पर भी पेड़ और बिजली के खंभे सड़क पर गिर गए। पेड़ और खंभे गिरने से मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। लगातार बारिश और तेज हवा के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन
7 of 16
पेड़ गिरने से रास्ता हुआ प्रभावित।
- फोटो : संवाद
पेड़ गिरने से घंटों बाधित रहा पवई-कलान मार्ग
पवई थाना क्षेत्र के शाहमर्दानपुर गांव में करीब 100 वर्ष पुराना विशाल पीपल का पेड़ गिरने से पवई-कलान मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी फूलपुर निकेत वर्मा ने सड़क पर पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी जताई। उन्होंने क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह को फोन कर थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल के खिलाफ रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि मार्ग पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित है, इसके बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं था। पेड़ गिरने से राहगीरों को परेशानी हुई। हालांकि, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
8 of 16
आजमगढ़ में कई स्थानों पर गिरे पेड़।
- फोटो : संवाद
बोलेरो पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे सवार
कोयलसा ब्लॉक मुख्यालय से करीब 50 मीटर दूर बूढ़नपुर-अहरौला मार्ग पर शनिवार सुबह करीब सात बजे विशालकाय नीम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में बोलेरो आ गई। वाहन में सवार तीन लोग बाल-बाल बच गए। पेड़ गिरने से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर नगर पंचायत बूढ़नपुर और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी प्रयास के बाद पेड़ को सड़क से हटाकर आवागमन बहाल कराया। वन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पेड़ गिरने की घटनाओं को देखते हुए टीम गठित की गई है, जो सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ करा रही है।
9 of 16
ट्रांसफाॅर्मर भी क्षतिग्रस्त।
- फोटो : संवाद
तेज हवा से कई गांवों की बिजली दो दिनों से गुल
तहसील क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ और डालियां विद्युत तारों पर गिर गईं। इससे बोझिया, महुलिया, कठैचा, सुंदर सराय बल्लो, कोकिलपार, कोठिया, डोरवा समेत दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति दो दिनों से ठप है। बिजली न होने से ग्रामीणों को रात अंधेरे में बितानी पड़ रही है। पेड़ों के गिरने से कई जगह विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। विद्युत विभाग की टीमें फाल्ट ठीक करने में जुटी हैं, लेकिन अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। लगातार दो दिनों से बिजली गुल रहने से ग्रामीणों में परेशानी के साथ विभाग के प्रति नाराजगी भी है।
10 of 16
तेज हवा से लोट गई फसल।
- फोटो : संवाद
एक ही जगह पर 24 घंटे में दो बार गिरा पेड़
महाराजगंज-बिलरियागंज मार्ग पर मोलनापुर गांव में टावर के पास शनिवार सुबह फिर बबूल का पेड़ गिर गया। इसी स्थान पर शुक्रवार सुबह भी पेड़ गिरने से सड़क पर आवागमन बाधित हुआ था। शनिवार को दोबारा पेड़ गिरने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों जाम की स्थिति बनी रही। राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना के बाद पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सुचारु हो सका। लगातार दो दिनों में एक ही स्थान पर पेड़ गिरने से लोगों में नाराजगी है। राहगीरों ने सड़क किनारे खड़े जर्जर पेड़ों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
11 of 16
आजमगढ़ में कई स्थानों पर गिरे पेड़ से रास्ते हुए बंद।
- फोटो : संवाद
48 घंटे से बिजली-पानी और दूरसंचार सेवाएं प्रभावित
मेंहनगर क्षेत्र में तेज बारिश और चक्रवाती तूफान के चलते पिछले 48 घंटे से विद्युत व्यवस्था प्रभावित है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल और दूरसंचार सेवाओं पर भी असर पड़ा है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से विद्युत तार और खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों और कस्बावासियों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित है। एसडीओ विद्युत मेंहनगर प्रीतम चौरसिया ने बताया कि आंधी-तूफान में पेड़ गिरने से कई जगह लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हैं। जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
12 of 16
पेड़ को काटकर हटाया गया।
- फोटो : संवाद
24 घंटे से गांवों में बिजली गुल, बारिश से मरम्मत कार्य बाधित
शुक्रवार रात से हुई भारी बारिश और तेज हवा के चलते क्षेत्र के नगवा मैदो, कोठिहार, भैंसहा, बालमपट्टी, चरनई, चांदपुर, भटौरा, लखेसर, इटौरा, बरोही फतेहपुर और बर्नापुर समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। तेज हवा के कारण कई स्थानों पर विद्युत खंभे गिर गए हैं, जबकि तारों पर पेड़ों की डालियां गिरने से आपूर्ति बाधित हुई है। लगातार बारिश होने से विद्युत विभाग का मरम्मत कार्य भी प्रभावित हो रहा है। बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
13 of 16
ग्रामीण इलाकों में गिरे ज्यादा पेड़।
- फोटो : संवाद
48 घंटे से सैकड़ों गांवों की बिजली गुल
विद्युत उपकेंद्र मेहनाजपुर से जुड़े गांवों में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। क्षेत्र के जियापुर, बहलोलपुर, नारायपुर, मऊ परासिन, तियरा, रोंवापार समेत लगभग सभी गांवों में तेज आंधी के कारण बड़ी संख्या में पेड़ गिर गए। इससे विद्युत तार और लाइनें क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित हुई। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 24 घंटे से अधिक समय तक तेज हवाओं का प्रभाव बना रहा। उनका कहना है कि इतनी देर तक लगातार तेज हवाएं पहले कभी नहीं चलीं। बिजली गुल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
14 of 16
पेड़ गिरने के बाद लगा जाम।
- फोटो : संवाद
मकान गिरने से पूरा परिवार बाल-बाल बचा
निजामाबाद तहसील क्षेत्र के रानी की सराय ब्लॉक के फरिहा गांव में शनिवार को तिलक राम का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के कई सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। मकान गिरते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और बड़ी जनहानि होने से बच गई। मकान गिरने से घर में रखा घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही हल्का लेखपाल उमेश गौड़ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
15 of 16
पेड़ गिरने से परेशान हुए लोग।
- फोटो : संवाद
चलती कार पर गिरा पीपल का पेड़
आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर श्रीनगर (सियरहां) गांव के पास शनिवार सुबह करीब 10 बजे तेज आंधी-बारिश के दौरान विशाल पीपल का पेड़ चलती कार पर गिर गया। कार में सवार जयराजपुर निवासी वाहिद खान समेत तीन लोग बाल-बाल बच गए। पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पेड़ सड़क पर गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। पुलिस और ग्रामीण पेड़ को सड़क से हटाने में जुटे रहे।
फरिहा पुलिस चौकी में खंभे पर गिरा पेड़
पुलिस चौकी परिसर में शनिवार को तेज हवा के दौरान एक पेड़ विद्युत पोल के ऊपर गिर गया। पेड़ के गिरने से विद्युत पोल टूट गया और तार जमीन पर आ गिरे। गनीमत रही कि हादसे के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। पोल और तार गिरने के बाद चौकी की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग को जानकारी दी गई। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने जल्द टूटे पोल और तारों को हटाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।