सारनाथ। थाना क्षेत्र स्थित 132 केवी सब स्टेशन लेढूपुर में गुरुवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे तार बदलने के दौरान करंट लगने से मजदूर धर्मेंद्र कुमार झुलस गया। बिना शटडाउन लिए काम कराने का आरोप लगाते हुए मजदूरों ने कंट्रोल पैनल में तोड़फोड़ की।
काम करा रहे एक फर्म के अभियंता से मारपीट की। मजदूरों के गुस्से को देख तत्काल फोर्स बुलानी पड़ी। हालात के मद्देनजर लेढूपुर पावर हाउस पर पीएसी तैनात कर दी गई है।
चार सौ केवी डुबकिया स्टेशन से 132 केवी लेढृपुर के लिए नई लाइन खींची जा रही है। इसका ठेका बड़ौदा की एक फर्म को दिया गया है। फर्म की ओर से 25 सदस्यीय मजदूरों का दल फतेहपुर से लाया गया है। ये मजदूर पिछले 25 दिन से सब स्टेशन में पुराने तारों को बदलने तथा नए तार खींचने का काम कर रहे हैं।
गुरुवार को करीब साढ़े दस बजे मीनातारा, खरखरपुर फतेहपुर निवासी धर्मेंद्र तार बदल रहा था। इस बीच करंट लगने से वह झुलस गया। खंभे से गिरने के चलते उसे चोटें भी आईं। हादसे के बाद साथी मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप था कि शटडाउन लिए बिना तार बदलवाने का काम फर्म की ओर से कराया जा रहा था। गुस्साए मजदूरों ने मौके पर मौजूद फर्म के एक अभियंता की पिटाई शुरू कर दी।
जान बचाने के लिए अभियंता बोलेरो में सवार होकर भागे। इसके बाद मजदूरों ने पथराव करते हुए कंट्रोल पैनल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर मजदूरों ने कुछ कर्मियों के साथ भी मारपीट की। इससे सब स्टेशन के अंदर अफरातफरी मच गई।
सूचना पर सारनाथ थानाध्यक्ष अमित श्रीवास्तव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मजदूरों को शांत कर स्थिति संभाली। साथ ही, झुलसे मजदूर को लेढुपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के संबंध में ट्रांसमिशन के अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने बताया कि सुबह आठ बजकर आठ मिनट पर शट डाउन लेकर फर्म की ओर से काम कराया जा रहा था। करंट से मजदूर कैसे झुलसा, यह जांच का विषय है। थानाध्यक्ष का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।