बीएचयू समेत देश के विश्वविद्यालयों में स्नातक में दाखिले के लिए कराई गई प्रवेश परीक्षा सीयूईटी यूजी की आंसर की एनटीए की ओर से जारी कर दी गई है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियोें से 31 मई की रात 11.50 बजे तक आंसर की पर आपत्तियां देने को कहा गया है। आंसर की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को परिणाम जारी होने का इंतजार है।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से सीयूईटी यूजी पांच मई को पूरी हो गई थी। देश भर में वाराणसी समेत 571 शहरों में कराई गई इस परीक्षा में 24 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद से ही अभ्यर्थी परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच एनटीए की वरिष्ठ निदेशक परीक्षा डॉ. साधना पराशर ने आंसर की जारी कर दिया है। खास बात यह है कि अभ्यर्थियों को अगर आंसर की में किसी प्रश्न पर आपत्ति है तो उन्हें हर प्रश्न के लिए 200 रुपये देने होंगे। वैसे सूत्रों की माने तो जून के दूसरे सप्ताह में परिणाम जारी होने की संभावना है।