जमीन-जायदाद की कीमत अब इतनी अधिक हो गई है कि खून के रिश्ते भी सस्ते नजर आने लगे हैं। ऐसा ही एक मामला यूपी के चंदौली जिले का है। जहां पर घर के बंटवारे को लेकर हुए झगड़े में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई के उपर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी छोटा भाई फरार हो गया।
जिले के चकिया ब्लाक के मुड़हुआ दक्षिणी गांव निवासी रामअधार यादव के तीन बेटों में बड़े विशुनदेव चौधरी चरण सिंह इंटर कालेज शिकारगंज से रिटायर हो चुके हैं। भीमसेन यादव और सबसे छोटा नरसिंह यादव खेती करते थे। तीनों भाइयों के बीच जमीन का बंटबारा काफी पहले हो चुका था।
रविवार को नरसिंह और भीमसेन के बीच घर के बंटवारे को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों को समझा बुझाकर शांत करा दिया। लेकिन पुलिस के जाने के बाद झगड़ा फिर बढ़ गया।
दोबारा छोटे भाई नरसिंह यादव ने अपने बड़े भाई भीमसेन (65) पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। कुल्हाड़ी सिर पर जाकर लगी और वह जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
वहीं उनकी पत्नी दुलारी देवी भी झगड़े में घायल हो गई। घटना के बाद नरसिंह यादव मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही एएसपी वीरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे।
एएसपी ने बताया कि भीमसेन के बेटे पिंटू यादव ने नरसिंह यादव और उसके बेटे भोरिक यादव तथा सुग्रीव यादव के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।