हादसे के बाद चक्काजाम करते लोगों को समझाती पुलिस।
थाना क्षेत्र के रामनगर चौक के पास मंगलवार को दिन में करीब ग्यारह बजे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार चंदौली निवासी अरविंद जायसवाल (22) की मौत हो गई। वह बाइक से पंचवटी जा रहा था। चौक के पास उसकी बाइक फिसल गई। वह अपने दाएं तरफ गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद नो इंट्री और मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने चक्काजाम कर दिया। ट्रक पर पथराव करने के साथ ही आग लगाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों के आश्वासन पर दोपहर करीब एक बजे जाम समाप्त हुआ।
चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र के अमरा निवासी अरविंद रामनगर के पंचवटी स्थित शराब की दूकान पर सेल्समैन था। मंगलवार को दिन में करीब ग्यारह बजे वह बाइक से टेंगरा मोड़ जा रहा था। चौक के पास अचानक उसकी बाइक फिसल गई। बाइक बाएं और वह दाएं तरफ गिरा। इसी दौरान पीछे से कोयला लादकर आ रहे ट्र्रक ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वहीं ट्रक चालक ट्रक छोड़ मौके से भाग निकला। क्षेत्रीय लोगों ने दिन में रामनगर-टेंगरा मोड़ पर नो इंट्री और मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। सूचना के बाद मौके पर रामनगर, कोतवाली, आदमपुर समेत कई थानों की फोर्स पहुंची। पुलिस के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ। अरविंद इकलौता था। उसके पिता कल्लू
की मौत हो चुकी है। वह अपने दादा रामजनम और दादी गीता के साथ रहता था।