मय्यड़ में स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की कैश से भरी एटीएम उखाड़कर भागने वाले सात युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए युवकों में चार शहर के अलग अलग निजी संस्थान के स्टूडेंट्स हैं। इनमें से एक जम्मू कश्मीर का युवक आदिल है जो बीटेक सेकेंड ईयर में ओम इंस्टीट्यूट में पढ़ाई करने हिसार आया था।
इसके अलावा बास खुर्द का अतुल बैंगलोर से कंप्यूटर साइंस में बीएससी पास है। झज्जर के दूबलधन गांव का प्रवीन एमकॉम की पढ़ाई कर रहा है। वारदात में प्रवीन का भाई प्रशांत बीसीए की पढ़ाई कर रहा है वह भी इस वारदात में शामिल है। तीन अन्य युवक जिनमें खरड़ गांव का नरेंद्र, बास का संदीप व कुंगड़ गांव का विकास शामिल है। इन्हीं युवकों ने सेक्टर 16-17 से 29 लाख रुपये का कैैश का एटीएम चोरी किया था।
डीएसपी हेडक्वार्टर भगवानदास ने बताया कि सीआईए वन की टीम ने सातों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आदिल, अतुल व प्रशांत ने बताया है कि उन्होंने वारदात से पहले करीब एक घंटे तक गूगल पर एटीएम तोड़ने की टेक्नीक सर्च की। फिर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों ने जिला में अलग-अलग चार स्थानों पर अलग अलग बैंकों की एटीएम तोड़ी है। जिनमें दो एटीएम से कैश चोरी किया बाकी दो एटीएम में नाकाम प्रयास किया गया। मय्यड़ गांव में हुई वारदात वाली रात युवकों ने पहले हिसार के डाबड़ा रोड स्थित ट्यूलिप रेस्टोरेंट के सामने से इंडिका गाड़ी चोरी की। इसी गाड़ी में एटीएम से कैैश निकालने के बाद उन्होंने मशीन को गाड़ी में रखकर आग लगा दी थी।
पुलिस ने सोमवार को मौके पर प्रवीन व संदीप को पकड़ा था। उनकी निशानदेही पर उनके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से पुलिस को लोहे की रॉड, गंडासी, लोहे का फरसा, लोहे की बसोली तथा पाइप बरामद हुआ है।
18 अप्रैल को विकास, अतुल, प्रशांत, नरेन्द्र, प्रवीन, संदीप उर्फ मोनू ने मिलकर गांव मायड़ में खरड़ रोड़ से स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की एटीएम मशीन चोरी की थी। जिसमें 3 लाख 34 हजार कैश था।
- फरवरी 2015 में आदिल, प्रशांत, विकास, प्रवीन व दीपक ने मिलकर सेक्टर 16/17 की एटीएम मशीन उखाड़ी थी। जिसमें 29 लाख रुपये कैश था।
3. गांव उमरा के बस स्टैंड से विकास, प्रवीन ने मिलकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम मशीन तोड़ने की कोशिश की थी।
4. हांसी गर्ग अस्पताल के पास से विकास, प्रवीन व दीपक ने मिलकर केनरा बैंक की एटीएम तोड़ने की कोशिश की थी।
5. डाबड़ा रोड़ पर रिसोर्ट से विकास, अतुल, प्रशांत, नरेन्द्र उर्फ टिंकू , प्रवीन, संदीप ने मिलकर इंडिका कार चोरी की थी।
दो साथी चार दिन के रिमांड पर
प्रवीन, संदीप सोमवार को हांसी के धर्मपुरा में चोरीशुदा कार व एटीएम जलाते हुए पकड़े गए थे जिन्हें मंगलवार को कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पढ़े लिखे युवा एटीएम उखाड़ने की वारदात में शामिल रहे हैं। सीआईए वन की हमारी टीम ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल उन्होंने 4 एटीएम व 1 गाड़ी चोरी की वारदात कबूली है। अभी पूछताछ जारी है।
- अश्विन शैणवी, एसपी हिसार।