मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार को एक महिला की प्रसव के लिए हो रहे आपरेशन के दौरान मौत हो गई। घरवालों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। कुछ देर बाद अस्पताल के स्टाफ भाग निकले। सूचना के बाद पुलिस फोर्स पहुंची।
एसओ मंडुवाडीह फरीद अहमद ने लोगों को समझा.बुझाकर मामले को शांत कराया। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव निवासी मनोज पटेल की पत्नी पूनम पटेल (25) को रविवार की शाम प्रसव पीड़ा के बाद घरवाले महेशपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। घरवालों के मुताबिक डॉक्टर ने ऑपरेशन से प्रसव कराने की बात कही लेकिन इसके लिए कोई अनुबंध नहीं किया। हालांकि घरवाले इसके लिए तैयार थे।
ऑपरेशन के दौरान पूनम की मौत हो गई। डॉक्टर पर आपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए घरवाले हंगामा करने लगे। थोड़ी ही देर बाद सूचना पाकर गांव के भी कुछ लोग आ गए। हंगामा बढ़ने पर स्टाफ और संचालक भाग निकले। एसओ मंउुवाडीह फ रीद अहमद ने बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी।