कर चोरी की आशंका में वाणिज्यकर विभाग की टीम ने शनिवार को नदेसर स्थित पेन कारोबारी के गोदाम पर छापा मारा। कागजात में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पकड़ में आने के बाद 50 लाख का माल जब्त कर लिया गया। विभागीय सूत्रों के मुताबिक घंटों चली कार्रवाई में सभी दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया गया है। उनकी विस्तृत जांच के बाद ही कितने की कर चोरी सामने आई है, यह सामने आ पाएगा।
वाणिज्यकर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर (एसआइबी) ओपी पांडेय ने बताया कि पेन कारोबारी की फर्म राजा दरवाजा में हेमराज पेन स्टोर के नाम से है। वाणिज्यकर विभाग में जो अभिलेख दिया है उसमें फर्म का नाम दर्ज है लेकिन गोदाम का नाम दर्ज नहीं है। फर्म के नाम पर माल मंगाकर गोदाम में डंप कराया जाता है।
इस सूचना पर विभाग की टीम ने गोदाम पर छापेमारी की। गोदाम के बाहर दो वाहन पकड़े गए, जिन पर पेन लदे थे। उनसे संबंधित जो कागजात मिले हैं, उनमें नदेसर के बजाय राजा दरवाजा का पता दर्ज था। इसके बाद भी माल नदेसर स्थित गोदाम में उतारा जा रहा था। माल कोलकाता से मंगाया गया था।
इस पर विभाग के अधिकारियों ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। गोदाम में पेन के अलावा क्रॉकरीज के सामान भी मिले। करीब पचास लाख रुपये का माल जब्त कर दस्तावेजों की छानबीन की जा रही है। टीम में डिप्टी कमिश्नर संजय मिश्रा, ब्रजेश कुमार दीपांकर, मुकेश सिंह, संतोष मिश्रा आदि शामिल थे।