पकडे गऐ तीन वाहन चोरों को पेश करते एसएसपी
- फोटो : अमर उजाला
बनारस में शनिवार रात पुलिस की घेराबंदी को तोड़कर भाग रहे तीन बदमाशों को पुलिस ने धरदबोचा। पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि महंगे शौक को पूरा करने के लिए यह रास्ता अपनाया। पूछताछ में पता चला उनका गिरोह असलहा तस्करों के जरिए पूर्वांचल में तमंचा-कारतूस की सप्लाई भी करते है।
शहर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के रजवारी हवाई पट्टी के समीप शनिवार की रात पुलिस की घेराबंदी तोड़कर दो बदमाश भाग निकले जबकि तीन बदमाशों को धरदबोचा गया। हवाई पट्टी के पास बदमाशों की मौजूदगी की सटीक सूचना पर यहां घेरेबंदी करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग भी की।
पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचे, तीन कारतूस और चोरी की दो बाइक मौके पर बरामद की गई। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर लूटी गईं पांच बाइकें क्षेत्र के ही सोनबरसा गांव से बरामद की गईं।
बदमाशों की शिनाख्त चौबेपुर के सोनबरसा अराई के श्यामरतन यादव, विष्णु यादव और झाझूपुर बर्थरा कला के प्रभाकर तिवारी के तौर पर हुई। वहीं, पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग निकले बदमाश डुढ़वा के भीम यादव और सतीश यादव के तौर पर चिह्नित हुए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम लगाई गई है।