वाराणसी के चोलापुर थाना अंतर्गत साई उदयपुर गांव के पास मंगलवार की रात लूट की योजना बना रहे चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चारों की शिनाख्त कैंट के गोइठहां के दिनेश कुमार पटेल, हासिमपुर के अमित यादव व ज्ञान सिंह उर्फ बच्ची और सारनाथ केे रजनहिया के मनोज यादव के तौर पर हुई है।
चारों के पास से एक अवैध रिवाल्वर, दो कट्टा, पांच कारतूस, एक बिना नंबर की स्कूटी, 9100 रुपया, पांच मोबाइल और एलआईसी के कागजात बरामद हुए हैं। चारों को बुधवार को जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी नितिन तिवारी ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि मंगलवार की रात थानाध्यक्ष चोलापुर विनय प्रकाश सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर निकले थे। इसी दौरान साई उदयपुर गांव के समीप से घेरेबंदी कर दिनेश, मनोज और अमित को गिरफ्तार किया गया।
तीनों से मिली जानकारी के आधार पर ज्ञान को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उक्त चारों ने जून 2013 में सारनाथ में एक पत्रकार से बाइक और रुपया लूटा था। चार अप्रैल को गोसाईपुर मोहाव के पास एलआईसी एजेंट योगेश चंद्र चौबे को लूटा था।
इसके अलावा लालपुर में हुई चोरी में सभी संलिप्त रहे। दर्ज मुकदमों की पैरवी के लिए चारों को रुपयों की आवश्यकता थी इसी वजह से सभी लूट की योजना बना रहे थे।
चारों से पुलिस को पता चला है कि उनकी गैंग का फूलपुर क्षेत्र के थाना रामपुर का संजय उर्फ टुनटुन फिलहाल भागा हुआ है। एसएसपी ने कहा कि गिरफ्त में आए बदमाशों की शिनाख्त कराई जाएगी।