वाराणसी में शुक्रवार की रात छात्र भरत लाल बेनवंशी (22) की सिर कूंच कर हत्या कर दी गई। उसके शरीर पर रॉड और चाकू से भी वार किए गए। शनिवार की सुबह पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल पर पड़े खून से सने ईंट-पत्थर, रॉड, चाकू और बीयर की खाली बोतलें कब्जे में लीं।
पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने में तीन से चार लोग शामिल रहे होंगे। वारदात का कारण प्रेम-प्रसंग बताया गया है। पिता मिठाई लाल की तहरीर पर सिगरा थाने में भरत लाल की प्रेमिका के सौतेले भाई भदोही के सुरियावां क्षेत्र के घोरहा निवासी अजय और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।
सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम में मार्निंग वॉक करने जा रहे कुछ लोगों ने शनिवार की सुबह देखा कि प्रवेश द्वार के सामने गुमटी के समीप एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा हुआ है। सूचना पाकर सिगरा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे तो युवक की जेब से एक सिम बरामद हुआ।
सिम को मोबाइल में लगाकर कॉल की तो शव की शिनाख्त देईपुर बड़ौरा निवासी बुनकर मिठाई लाल के तीसरे और सबसे छोटे बेटे भरत लाल के तौर पर हुई। थाने पहुंचे मिठाई लाल ने बताया कि भरत शुक्रवार की सुबह सात बजे यह बताकर घर से निकला था कि बहन की ससुराल से अजय ने बुलाया है, इसके बाद वह नहीं लौटा।
मिठाई लाल ने बताया कि सुरियावां के घोरहा गांव में उनकी बेटी ब्याही है। वहीं की एक युवती से भरत की फोन पर बातचीत होती थी। इससे खफा होकर युवती का सौतेला भाई अजय एक माह पूर्व घर पर कुछ लोगों के साथ आया था और अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
वारदात के संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की एक टीम जंसा और एक टीम सुरियावां भेजी गई है। आरोपी अजय ने ही कॉल कर भरत को बुलाया था। आरोपी जल्द गिरफ्त में होंगे।