सौ नंबर पर फोन करने पर प्रदेश भर में सबसे तेज गति से बलिया जिले में पुलिस रिस्पांस वेहिकल (पीआरवी) शिकायतकर्ता के पास पहुंचता है। वहीं, सबसे सुस्ती मिर्जापुर जिले में है।
मिर्जापुर में शिकायतकर्ता के पास पीआरवी को पहुंचने में लगभग एक घंटे का समय लग जाता है। इसी तरह वाराणसी और सोनभद्र में पीआरवी को आधा घंटे से अधिक समय फरियादी के पास पहुंचने में लग जाता है।
गौरतलब है कि सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता के पास शहर क्षेत्र में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्र में 20 मिनट में पीआरवी को फोन करने वाले के पास पहुंचना होता है। यूपी 100 की पीआरवी का रिस्पांस टाइम हाल ही में प्रदेश स्तर पर परखा गया।
इसमें जोन का बलिया जिला प्रदेश में अव्वल रहा। सौ नंबर के कॉल सेंटर से आई सूचना पर बलिया जिले में फोन करने वाले के पास 10 मिनट 55 सेकेंड में पीआरवी पहुंचा।
इसी तरह से सूचना मिलने पर भदोही में 13 मिनट 47 सेकेंड, गाजीपुर में 21 मिनट 25 सेकेंड, मऊ में 21 मिनट 41 सेकेंड, चंदौली में 28 मिनट 35 सेकेंड, आजमगढ़ में 29 मिनट 22 सेकेंड, जौनपुर में 29 मिनट 55 सेकेंड, वाराणसी में 36 मिनट 32 सेकेंड, सोनभद्र में 43 मिनट 36 सेकेंड और मिर्जापुर में 58 मिनट 34 सेकेंड में शिकायतकर्ता के पास पीआरवी पहुंचा।
जिन जिलों में पीआरवी को निर्धारित रिस्पांस टाइम से ज्यादा समय लगा वहां के पुलिस अधीक्षकों को इस संबंध में गंभीरता बरतने का निर्देश शासन स्तर से दिया गया है।