फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: दो महीने से देख रहा था क्राइम पेट्रोल, फिर पत्नी से अवैध संबंध के शक में चाचा ने भतीजे की हत्या की 

Sun, 18 Oct 2020 12:13 AM IST
स्‍वाधीन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

वाराणसी जिले के चौबेपुर क्षेत्र के मुरादीपुर गांव में पत्नी से अवैध संबंध के शक में एक युवक ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने भतीजे की हत्या कर दी। वहीं, बीचबचाव करने आए छोटे भतीजे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना पाकर चौबेपुर थाने की पुलिस युवक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो गुत्थी सुलझी। हत्या के आरोपी युवक की पुलिस तलाश कर रही है।

विज्ञापन


चौबेपुर थाना अंतर्गत मुरादीपुर गांव निवासी जयप्रकाश चौबे आजमगढ़ में एक ट्रांसपोर्टर के यहां काम करते हैं। उनकी पत्नी रेखा बीते कुछ दिनों से नई दिल्ली में रहने वाले अपने भाई के पास गई हैं। घर में जयप्रकाश के पुत्र अमन उर्फ सूरज चौबे (17) व बादल चौबे (14), पिता राजकिशोर चौबे, मां प्रमिला देवी और छोटा भाई विनय चौबे व उसका पत्नी स्वाति थे।

घर के बरामदे में सोये राजकिशोर और प्रमिला शनिवार की सुबह अमन और बादल को जगाने गए तो दोनों अपनी चारपाई पर खून से लथपथ मिले। आनन फानन में दोनों को चौबेपुर, पहड़िया और मलदहिया स्थित निजी अस्पतालों से होते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। ट्रॉमा सेंटर में अमन की मौत हो गई, जबकि बादल का उपचार किया जा रहा है।
विज्ञापन


घटना की सूचना पाकर फोरेंसिक एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड, एसओ चौबेपुर संजय त्रिपाठी, सीओ पिंडरा अभिषेक पांडेय, एसपी ग्रामीण एमपी सिंह के साथ एसएसपी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक पूछताछ में पता लगा कि विनय घर से गायब है तो उसकी पत्नी स्वाती से पूछताछ की गई और फिर चंद घंटों में ही वारदात की गुत्थी परत दर परत सुलझती चली गई। 

एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि किशोर की हत्या उसके चाचा ने अपनी पत्नी से अवैध संबंध के शक में की है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं और वह जल्द ही गिरफ्त में होगा।

 

दो माह से देख रहा था क्राइम पेट्रोल, 10 दिन पहले खरीदी कुल्हाड़ी

चौबेपुर थानाध्यक्ष संजय त्रिपाठी की पूछताछ में स्वाति ने बताया कि बीते दो महीने से उसका पति विनय रोजाना क्राइम पेट्रोल धारावाहिक और उसका दोबारा प्रसारण भी देखता था। 10 दिन पहले ही वह नई कुल्हाड़ी खरीद कर घर लाया था। इसके बाद महानगरी एक्सप्रेस ट्रेन से मुंबई जाने के लिए 17 अक्तूबर का टिकट लिया था। जब वह घर से निकला तो अपना मोबाइल भी साथ नहीं ले गया।

इसे लेकर पुलिस मान रही है कि विनय लंबे समय से अमन की हत्या की साजिश रच रहा था। शनिवार को वारदात के बाद पुलिस ने विनय की खोजबीन महानगरी एक्सप्रेस ट्रेन में बनारस से लेकर प्रयागराज तक की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा। आशंका जताई जा रही है कि विनय कहीं क्षेत्र में ही न छुपा हुआ हो। इसलिए चौबेपुर सहित आसपास के इलाके में उसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

आरोपी की पत्नी और घायल भतीजे ने बताई पुलिस को हकीकत

जयप्रकाश ने अपने छोटे भाई विनय और उसकी पत्नी स्वाति के खिलाफ अमन की हत्या और बादल की हत्या के प्रयास के आरोप में चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। हालांकि जयप्रकाश का आरोप यह है कि घरेलू विवाद की रंजिश में उनके छोटे भाई और उसकी पत्नी ने वारदात को अंजाम दिया है।

वहीं, विनय की पत्नी स्वाति ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसका पति उसके और अमन के बीच अवैध संबंध को लेकर शक करता था, जबकि ऐसी कोई बात ही नहीं थी। शुक्रवार की रात भी विनय ने उससे झगड़ा किया था और कहा था कि आज सबकुछ खत्म कर दूंगा।

 
विज्ञापन

उधर, अस्पताल में भर्ती बादल ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा ने ही अमन के गले पर कुल्हाड़ी से वार किया था। अमन की चीख सुनकर उसकी नींद खुली और वह बीचबचाव करने लगा तो उस पर भी चाचा ने कुल्हाड़ी से वार किया।

लइकन के माई अइहें त हम का बताइब हो राम...

अमन की हत्या और बादल के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना पर आजमगढ़ से घर पहुंचे जयप्रकाश की आंखों से आंसुओं की धार रुकने का नाम नहीं ले रही थी। घर से तीन दिन पहले काम के लिए आजमगढ़ गए जयप्रकाश मुरादीपुर गांव के प्रधान शैलेंद्र चौबे के पट्टीदार हैं।

अमन चौबेपुर के एक स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ता था और बादल वहीं कक्षा नौ का छात्र है। घर आने के बाद जयप्रकाश बार-बार यही कह कर बिलख रहे थे कि लइकन के माई अइहें त हम का बताइब हो राम... ई सब का हो गईल...। परिवार और गांव के लोग बड़ी ही मुश्किल से जयप्रकाश को संभाले हुए थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें