वाराणसी के बेनियाबाग स्थित हड़हा बीर बाबा मंदिर के समीप से रविवार की रात चौक पुलिस ने .32 बोर की चार अवैध देशी पिस्टल के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनो की शिनाख्त मिर्जापुर जिले के चुनार थाना के आराजी लाइन सुल्तानपुर शीतला धाम निवासी महताब हाशमी और अंशु साहनी के तौर पर हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों को असलहे चुनार के नंदूपुर का बखेड़ू उपलब्ध कराता था और वो सिर्फ कूरियर ब्वाय का काम करते थे। एक असलहे की बिक्री 25 से 30 हजार रुपये में की जाती थी और बदले में पांच हजार रुपये कमीशन मिलता था।
एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि इंस्पेक्टर चौक अशोक कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि हड़हा बीर बाबा मंदिर के समीप संदिग्ध प्रतीत हो रहे दो युवक काफी देर से खड़े हैं। इस सूचना पर इंस्पेक्टर चौक ने अपनी टीम के साथ छापेमारी कर दोनों की तलाशी तो चार देशी पिस्टल बरामद हुई।