बीएचयू गेट के समीप लंका स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम के सामने खड़ी कैश वैन का गेट खोलकर मंगलवार की शाम दो बदमाश 26.5 लाख रुपये से भरा बॉक्स लूट ले गए। बॉक्स लेकर पैदल भागते देख समीप ही मौजूद गोलगप्पा बेच रहे किशोर ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पीछे दौड़े।
इसी बीच दोनों बदमाश पैदल ही डिवाइडर पार कर रविदास गेट की ओर से आए किस वाहन से सामने घाट की ओर भाग निकले यह कोई नहीं जान सका। घटना की सूचना लगभग एक घंटे बाद मिलने पर पुलिस ने शहर से लेकर हाईवे तक चेकिंग शुरू कराई।
एटीएम के आसपास के दोनों तरफ की दुकानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पुलिस बदमाशों को चिह्नित करने में जुटी हुई थी। वैन के चालक, सिक्योरिटी गार्ड सहित पांच लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
उधर, चंदौली के मुगलसराय रेलवे स्टेशन के वाहन स्टैंड से चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऑटो से 10 लाख रुपये से ज्यादा दक्षिण भारत निवासी चार युवकों से बरामद किया तो एक टीम वहां के लिए रवाना हो गई।
साथ ही, आईजी रेंज दीपक रतन भी पूछताछ के लिए पहुंचे। गौरतलब है कि शनिवार की दोपहर मुगलसराय में एटीएम कैश वैन से 38 लाख रुपये गायब हो गए थे। पुलिस बरामद रुपये को दोनों ही घटनाओं से जोड़कर तफ्तीश कर रही है और बनारस से दो ट्रांसलेटर युवकों से बातचीत के लिए बुलाए गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पुलिस
दुकानदारों से पुछताछ करते एसएसपी
- फोटो : अमर उजाला
मुंबई की कंपनी सिक्योर वैल्यू का जिले का काम भोजूबीर निवासी कौशलेंद्र प्रताप सिंह करते हैं। शाम 6:30 बजे के लगभग कौशलेंद्र की कंपनी की कैश वैन लेकर लंका स्थित यूबीआई एटीएम के सामने कर्मचारी आशीष पांडेय व विपर्व सिंह, चालक मुन्ना लाल और सिक्योरिटी गार्ड सतीश यादव व प्रकाश पहुंचे।
आशीष, विपर्व और दोनों सिक्योरिटी गार्ड कैश बॉक्स लेकर एटीएम के अंदर चले गए। कैश वैन के समीप गोलगप्पा का ठेला लगाए मोहित ने बताया कि इसी दौरान दो युवक आए।
उनमें से एक उससे बात करने लगा और दूसरे ने ड्राइवर की विपरीत दिशा की वैन का पीछे का दरवाजा खोला। इसके साथ ही सीट पीछे कर एक छोटा बॉक्स उठाया और दोनों भाग निकले।
सूचना पाकर मौके पर आईजी रेंज, एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ भेलूपुर सहित आधा दर्जन थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। कैश वैन में मौजूद चालक सहित पांचों कर्मचारियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि क्राइम ब्रांच सहित पांच टीमें घटना के खुलासे के लिए लगाई गई है। संदिग्धों से पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास जारी है।