फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रिटायर दरोगा और बेटे की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव

Wed, 11 Apr 2018 09:59 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के झंगहा थानाक्षेत्र के गजाईकोल गांव की पुलिया के पास बुलेट सवार दो बदमाशों ने मंगलवार को सेवानिवृत्त दरोगा जयहिंद यादव (62) और उनके बेटे नागेंद्र यादव (26) की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों कचहरी से लौट रहे थे। जयहिंद के सिर में और नागेंद्र (26) के सीने के पास गोली लगी। दोनों ने वहीं पर ही दम तोड़ दिया। 

विज्ञापन


मौके पर पुलिस पहुंची तो गुस्साए ग्रामीणों ने उनकी जीप फूंक दी। शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पथराव कर पुलिस को खदेड़ दिया। बवाल पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे, फिर भी हालात बेकाबू रहे। दमकल की गाड़ियों ने पुलिस की जीप में लगी आग बुझाई।

 


आरोप है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचने में तत्परता नहीं दिखाई। इससे नाराज ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा करने लगे। कुछ देर बाद झंगहा थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी। नाराज ग्रामीण पुलिस से भिड़ गए और मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस सड़क से हटाने लगी तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इससे भगदड़ और अफरातफरी मच गई।

विज्ञापन


जयहिंद के एक बेटे और भाई की पहले हो चुकी है हत्या 
दो साल पहले जयहिंद के भाई बलवंत और बेटे कौशल की भी गोली मारकर हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर ग्रामीण सवाल खड़ा कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अभी भी एक आरोपी फरार चल रहा है और अन्य आरोपी जमानत पर रिहा होकर खुलेआम घूम रहे हैं। अब जयहिंद और उनके दूसरे बेटे की हत्या कर दी गई। ग्रामीण और घरवालों की मानें तो हत्याएं भूमि विवाद के चलते की गई हैं।

विज्ञापन

एक घंटे बाद पहुंची पुलिस

आरोप है कि घटना की सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस के पहुंचने की वजह से हालात बेकाबू हो गए। ग्रामीणों का गुस्सा इस बात पर ज्यादा था कि पुलिस समय से नहीं आई जिसकी वजह से दोनों के अस्पताल पहुंचाने और जान बचाए जाने की संभावना खत्म हो गई। 

डंडा लेकर पहुंची मृतक की पत्नी
मृतक नागेंद्र की पत्नी अनीता पति के शव के पास ही डंडा लेकर खड़ी हो गईं। उन्होंने पुलिस को पति के शव के पास जाने से मना कर दिया। रोते हुए हत्यारों की तत्काल  गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि जिन लोगों ने ससुर और पति को मारा है, उन्हें मौत की सजा मिलनी चाहिए। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस शव को कब्जे में ले सकी और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।  

सीएम ने लिया संज्ञान, कड़ी कार्रवाई के निर्देश
दोहरे हत्याकांड से शासन, प्रशासन सकते में आ गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे मामले का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिया है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। गृह विभाग ने पूरे मामले की जानकारी और रिपोर्ट तलब की है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें