पांच अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को शनिवार को चौबेपुर के ढकवा मोड़ के पास से एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। तस्करों के पास से 7.37 कुंतल गांजा और नौ लाख 42 हजार रुपये बरामद हुए, जिसमें आठ लाख के दो हजार के नोट हैं। तस्कर बिना नंबर की एंबुलेंस से असोम से गांजा ले आए थे और एक पिकअप पर लाद रहे थे। तस्करों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
तस्करों में आजमगढ़ के सिधारी के हुसैनगंज के त्रिवेणी गुप्ता, बंटी गुप्ता और पलनी के श्रीनाथ यादव तथा असोम के बुरलीत पार नालवारी के अल्ताफ हुसैन व हेलना पंप गोवर्धना के जाकिर हुसैन शामिल हैं। एसटीएफ ने सभी को चौबेपुर पुलिस को सौंपा दिया है।
एसटीएफ की वाराणसी इकाई को सर्विलांस और मुखबिरों से सूचना मिली थी कि गांजा की एक बड़ी खेप एंबुलेंस से असोम से ढकवा मोड़ के पास पहुंचेंगी। वहां से गांजा वाराणसी, आजमगढ़, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली सहित आसपास के अन्य जिलों में भेजा जाएगा।
एसटीएफ के इंस्पेक्टर शैलेश प्रताप सिंह और विपिन राय की अगुवाई में इंस्पेक्टर पुनीत परिहार, एसआई अमित श्रीवास्तव, रणजीत राय और गिरीश तिवारी ने छापेमारी की तो सामने आया कि कुछ लोग एंबुलेंस से गांजा का पैकेट पिकअप पर लाद रहे थे। कुल 134 पैकेट में सात कुंतल सैंतीस किलोग्राम गांजा था, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है। असोम निवासी दिलीप और राकेश पूर्वोत्तर राज्यों और भूटान से गांजा मंगाकर अल्ताफ हुसैन और जाकिर हुसैन के माध्यम से त्रिवेणी गुप्ता के पास भेजते थे।